आगरा : देह व्यापार का विरोध करने पर युवती की हत्या, प्रेमी समेत तीन गिरफ्तार, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में छह फरवरी को यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने मंगलवार को खुलासा करते हुए बताया कि देह व्यापार का विरोध करने पर युवती की उसके प्रेमी, उसके दोस्त और मां ने मिलकर गला दबाकर हत्या कर दी।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मृतका की पहचान महोबा जिले की निवासी सोनल के रूप में हुई है। वह वर्ष 2021 से दिल्ली में अपने प्रेमी सनी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। पुलिस के अनुसार सनी, उसका दोस्त प्रदीप और उसकी मां मिलकर देह व्यापार का अवैध धंधा संचालित करते थे और होटलों में लड़कियों को भेजने का काम करते थे। 

बताया गया है कि शुरुआत में सनी ने सोनाली को सामान्य रूप से रखा, लेकिन बाद में उस पर देह व्यापार में शामिल होने का दबाव बनाने लगा। इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। यह भी सामने आया है कि सनी के अन्य महिलाओं के साथ भी संबंध थे, जिससे सोनाली नाराज रहती थी। 

पुलिस के मुताबिक चार फरवरी को सनी, उसके दोस्त प्रदीप और उसकी मां ने मिलकर सोनाली को पकड़ लिया और रस्सी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को कंबल में लपेटकर कार में रखा गया और छह फरवरी को आगरा के खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे फेंक दिया गया। शव बरामद होने पर उसकी पहचान नहीं हो पाई थी। 

मृतका के हाथ पर 'सनी' नाम लिखा हुआ था, जबकि चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था। पुलिस ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का इस्तेमाल कर तस्वीर को पुनर्निर्मित किया और सोशल मीडिया के माध्यम से जांच की। जांच के दौरान 'सोनाली' नाम से फेसबुक अकाउंट मिला, जिसके आधार पर पहचान सुनिश्चित हुई और मामले का खुलासा हो सका। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।  

संबंधित समाचार