यूपी अब फार्मा का नया पावरहाउस... निवेशकों ने एक सुर में कहा- योगी सरकार ने बदली तस्वीर, रेड टेप गया, रेड कार्पेट बिछा! देखें VIDEO
देश-विदेश की फार्मा कंपनियों ने यूपी को बताया निवेश के लिए सबसे सुरक्षित राज्य
लखनऊ, अमृत विचार: ‘उत्तर प्रदेश फार्मा कॉन्क्लेव 1.0’ में देश और दुनिया की दिग्गज फार्मा कंपनियों के चेयरमैन और शीर्ष नेतृत्व ने एक स्वर में उत्तर प्रदेश को भारत का उभरता हुआ फार्मा पावरहाउस बताया। उद्योग जगत के नेताओं ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश ने शासन, कानून-व्यवस्था और नीतिगत स्थिरता के मोर्चे पर ऐतिहासिक बदलाव किए हैं, जिसने उत्तर प्रदेश को निवेशकों की पहली पसंद बना दिया है।
राज्यसभा सदस्य एवं रामकी ग्रुप के चेयरमैन अयोध्या रामी रेड्डी ने मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व को “उत्कृष्ट कमिटमेंट” करार देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश का वर्तमान और भविष्य—दोनों का रोडमैप स्पष्ट है। उन्होंने कहा कि पिछले 40 वर्षों में उन्होंने यूपी में ऐसा सकारात्मक और भरोसेमंद माहौल पहले कभी नहीं देखा। मजबूत कानून-व्यवस्था, जवाबदेही और ईमानदारी प्रदेश के दीर्घकालिक विकास की आधारशिला बन चुकी है। एक मजबूत नेतृत्व किस तरह पूरे सिस्टम को बदल सकता है, उत्तर प्रदेश इसका जीवंत उदाहरण है।
टोरेंट ग्रुप के वाइस चेयरमैन जीनल मेहता ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में ईज ऑफ डूइंग बिजनेस और लॉ एंड ऑर्डर में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि कंपनी ने यूपी के करीब 20 जिलों में काम किया, लेकिन कहीं भी रेड टेप या कानून-व्यवस्था की समस्या नहीं आई। यूपी अब निवेशकों को रेड टेप नहीं, बल्कि रेड कार्पेट ट्रीटमेंट दे रहा है।
मैनकाइंड फार्मा के चेयरमैन रमेश जुनेजा ने भावुक अंदाज में कहा कि एक समय ऐसा भी था जब असुरक्षा के कारण उन्हें उत्तर प्रदेश छोड़ना पड़ा था। 2001 की एक घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि तब माहौल निवेश और उद्योग के अनुकूल नहीं था। लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में वह “अच्छी सुबह” आई है, जब लोग देर रात भी खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। यही वजह है कि आज निवेशक पूरे विश्वास के साथ यूपी लौट रहे हैं और उनकी कंपनी भी यहां निवेश के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज के चेयरमैन सतीश रेड्डी ने कहा कि कोविड काल में भारत ने वैश्विक स्तर पर फार्मा सेक्टर में अपनी ताकत साबित की। उत्तर प्रदेश की नीतियां प्रभावी हैं और राज्य वैश्विक फार्मा लीडर्स के लिए आकर्षक गंतव्य बन चुका है।
जाइडस लाइफ साइंसेज के चेयरमैन पद्मभूषण पंकज रमनभाई पटेल ने कहा कि किसी भी इंडस्ट्री के लिए भूमि, बिजली, पानी और प्रशिक्षित मानव संसाधन जरूरी होते हैं, और ये सभी सुविधाएं उत्तर प्रदेश में पर्याप्त रूप से उपलब्ध हैं। यही कारण है कि फार्मा और हेल्थकेयर सेक्टर के लिए यूपी आदर्श राज्य बनकर उभर रहा है।
सन फार्मास्यूटिकल्स के चेयरमैन पद्मश्री दिलीप सांघवी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लॉ एंड ऑर्डर में जो सुधार हुआ है, उसने इसे देश का सबसे सुरक्षित स्थान बना दिया है। आने वाले वर्षों में यूपी फार्मा मैन्युफैक्चरिंग के वैश्विक मानचित्र पर और मजबूती से उभरेगा।
कॉन्क्लेव में उद्योग जगत की इस एकजुट राय ने साफ कर दिया कि उत्तर प्रदेश अब केवल संभावनाओं का राज्य नहीं, बल्कि भरोसेमंद निवेश गंतव्य और भारत की फार्मा ग्रोथ का नया इंजन बन चुका है।
