चारबाग स्टेशन पर टला बड़ा हादसा, प्लेटफार्म नंबर 4 से ट्रैक पर पलटा बैट्री रिक्शा, 3 यात्री व चालक घायल
लखनऊ, अमृत विचारः चारबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। प्लेटफार्म नंबर चार पर यात्रियों को ले जा रहा एक बैट्री रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर रेलवे ट्रैक पर पलट गया, जिससे स्टेशन परिसर में हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि उस समय ट्रैक पर कोई ट्रेन नहीं आ रही थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। इस दुर्घटना में तीन यात्री और बैट्री रिक्शा चालक घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह करीब 11 बजे बैट्री रिक्शा प्लेटफार्म नंबर चार पर तीन यात्रियों को लेकर कानपुर साइड की ओर जा रहा था। जब रिक्शा फुट ओवर ब्रिज के नीचे पहुंचा, तो चालक ने आगे चल रहे एक यात्री से आगे निकलने के लिए प्लेटफार्म से ट्रैक की ओर तेज कट मार दिया। अचानक लिए गए मोड़ से रिक्शा का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे ट्रैक पर जा गिरा। घटना के बाद प्लेटफार्म पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद यात्रियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायल यात्रियों और चालक को उठाया। बताया जा रहा है कि यात्रियों को गंभीर चोटें नहीं आईं और वे प्राथमिक उपचार के बाद वहां से चले गए। कुछ देर बाद स्टेशन प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान अन्य बैट्री रिक्शा चालकों की मदद से ट्रैक पर पलटे रिक्शा को हटाया गया।
