कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को फेसबुक पर मिली धमकी, जिलाध्यक्ष ने हुसैनगंज कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की रखी मांग
लखनऊ, अमृत विचार : उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष व पूर्व मंत्री अजय राय को फेसबुक पर धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि फेसबुक पर किए गए धमकी भरे पोस्ट में प्रदेश अध्यक्ष की आपत्तिजनक फोटो भी लगाई गई थी। इस संबंध में कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू ने हुसैनगंज कोतवाली में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
जिलाध्यक्ष रुद्र दमन सिंह बबलू ने बताया कि 3 फरवरी को दोपहर करीब दो बजे वह संगठन के साथियों के साथ नेहरू भवन, माल एवेन्यू स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में मौजूद थे। इसी दौरान सोशल मीडिया पर मनीष शुक्ला के फेसबुक अकाउंट से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की फोटो के साथ उन्हें सबक सिखाने की धमकी देता एक पोस्ट सामने आया। पोस्ट में प्रयुक्त फोटो को आपत्तिजनक बताया गया है।
तहरीर में कहा गया है कि धमकी भरे पोस्ट से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है और इससे माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई है। एसओ हुसैनगंज शिवमंगल सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। साइबर सेल की मदद से फेसबुक अकाउंट की जांच कराई जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
