बाराबंकी : नशे की हालत में रोड पर लड़खड़ाता मिला सिपाही
बाराबंकी, अमृत विचार। लोधेश्वर महादेव धाम महादेवा में सुरक्षा ड्यूटी को आया सिपाही सोमवार की रात नशे की हालत में हाइवे पर लड़खड़ाता मिला। उधर से गुजर रहे राहगीरों ने किसी हादसे से बचाने के लिए उसे रोड से हटाकर सुरक्षित जगह पर बिठा दिया।
बताते चलें कि महाशिवरात्रि पर्व को लेकर लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ जलाभिषेक के लिए महादेवा पहुंच रही है। मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है, वहीं स्थानीय पुलिस के साथ अन्य जनपदों से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
सोमवार देर रात 10 बजे रामनगर थाना क्षेत्र में बंद पड़ी बुढ़वल शुगर मिल के पास एक सिपाही नशे की हालत में लड़खड़ाता देखा गया। वह वर्दी व यूपी पुलिस की जैकेट पहने था। बताया जा रहा कि वर्दी पहने सिपाही सड़क पर लड़खड़ाते हुए गिर पड़ा।
तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही को देखते हुए राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सड़क से हटाकर सुरक्षित स्थान पर बैठाया। सिपाही सुल्तानपुर जनपद से महादेवा मेले में सुरक्षा ड्यूटी के लिए भेजा गया था। ड्यूटी के दौरान अत्यधिक शराब सेवन के कारण वह असंतुलित हो गया। मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई है।
