प्रतिबंध के बावजूद बाराबंकी में जारी है चाइनीज मांझे की बिक्री, चपेट में आने से कटा बाइक सवार का चेहरा

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। सीतापुर से बाराबंकी आ रहे बाइक सवार युवक का चेहरा चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से कट गया, वहीं वह सड़क पर गिर गया। बाइक पर सवार साथी युवक ने उसे एंबुलेंस से सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत स्थिर बताई जा रही है। हैरत की बात यह कि शासन से प्रतिबंध के बावजूद चाइनीज मांझे की बिक्री थमी नही है।

जानकारी के अनुसार सीतापुर जिला सिधौली थाना अंतर्गत ग्राम खजुरिया सिधौली निवासी बृजेश यादव पुत्र जगदीश प्रसाद बाराबंकी में लखनऊ रोड स्थित एक होटल में कार्यरत हैं। मंगलवार को बृजेश अपनी मोटरसाइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे जब वह देवा नहर पुल तकिया के पास पहुंचे ही थे तभी पतंग उड़ा रहे अज्ञात व्यक्ति का मांझा अचानक उनके चेहरे से टकरा गया।

धारदार मांझे से चेहरा कटते ही बृजेश संतुलन खो बैठे और बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। घटना के समय बाइक पर उनके साथ राहुल यादव भी सवार थे। राहुल ने तत्काल डायल 112 और एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस से घायल को सीएचसी देवा पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। घायल बृजेश यादव ने थाना देवा में तहरीर देकर अज्ञात पतंगबाज के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

गौरतलब है कि सीएम योगी ऐलान कर चुके हैं कि चाइनीज मांझे से हुई घटना हत्या के समान मानी जाएगी। जिसके अनुसार इस मांझे की बिक्री पर रोक लगनी चाहिए थी पर ऐसा नही है। चाइनीज मांझे की बिक्री खुलेआम जारी है।

संबंधित समाचार