कैसरबाग़ बस अड्डे पर हंगामा... रोडवेज कर्मचारियों से मारपीट, बसों का संचालन रहा बाधित; जानिए क्या है मामला
लखनऊ, अमृत विचारः कैसरबाग बस अड्डे पर मंगलवार तड़के उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अनुबंधित बस के समर्थन में दर्जनों लोग डिपो कार्यालय पहुंचकर हंगामा करने लगे। कर्मचारियों के विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और साथ आई महिलाओं के जरिए छेड़खानी के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। इस हंगामे के कारण करीब डेढ़ घंटे तक बसों का संचालन बाधित रहा।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 5.30 बजे 12 से 15 पुरुष और 4-5 महिलाएं बस डिपो परिसर स्थित कार्यालय में पहुंचीं। खुद को लखनऊ–धौरहरा मार्ग पर चलने वाली एक अनुबंधित बस से जुड़ा बताते हुए उन्होंने वहां मौजूद क्लर्क अर्जुन सिंह यादव से अभद्रता शुरू कर दी। आरोप है कि उन्होंने बस से अधिक से अधिक चक्कर लगवाने का दबाव बनाया। अन्य कर्मचारियों ने जब इसका विरोध किया तो आरोपितों ने मारपीट शुरू कर दी।
उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के कार्यकारी अध्यक्ष आमिर जावेद ने बताया कि करीब एक से डेढ़ घंटे तक हंगामा चलता रहा। कर्मचारियों को धमकाया गया और समझाने पर छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की चेतावनी दी गई। इस दौरान अनुबंधित बस के कंडक्टर संदीप कुमार से भी मारपीट की गई।
घटना के बाद कर्मचारी संघ की ओर से अनुबंधित बस का अनुबंध निरस्त करने की मांग करते हुए डिपो प्रभारी के माध्यम से आरएम को ज्ञापन सौंपा गया है। क्षेत्रीय प्रबंधक अमरनाथ सहाय ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। अनुबंधित बस के मालिक को नोटिस जारी किया जाएगा और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
