आयकर भरने वालों ने डकारा सरकारी राशन, 21 हजार परिवार चिह्नित... 15 हजार से अधिक के राशन कार्ड निरस्त

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

फैजाबाद नगर व पूराबाजार ब्लॉक में सर्वाधिक आयकरदाता चढ़े विभाग के हत्थे

जिले में 4.32 लाख के करीब हैं राशन कार्ड धारक, कुछ डर से कर रहे सरेंडर

पुनीत श्रीवास्तव, अयोध्या, अमृत विचार : जिले में आयकर भरने वाला परिवार भी राशन डकार रहा है। गरीबों के निवाले पर डाका डालने वाले अब तक 21 हजार से अधिक परिवारों को चिह्नित किया जा चुका है। इनमें 15 हजार से अधिक परिवारों का राशन कार्ड निरस्त हो चुके हैं। 5533 परिवार अब भी जिला आपूर्ति कार्यालय के रडार पर है। जांच का दौर जारी है। कार्रवाई के भय से लोग खुद कार्ड सरेंडर करने के लिए विभाग पहुंच रहे हैं।

राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। खाद्य आपूर्ति विभाग ने आयकरदाता (इनकम टैक्स भरने वाले) व्यक्तियों को चिह्नित कर उनके राशन कार्ड निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिले में लगभग 4.32 लाख राशन कार्ड धारक हैं, जिनमें से अधिकांश पात्र गृहस्थी और अंत्योदय श्रेणी के हैं, लेकिन आयकर विभाग को जांच में पता चला है कि कई परिवार ऐसे हैं जिनकी आय स्तर गरीबी रेखा से काफी ऊपर है। विशेष रूप से आयकर दाताओं की संख्या चिंताजनक रही है। पूराबाजार विकासखंड में सर्वाधिक आयकरदाता पकड़े गए हैं। यह कदम सुनिश्चित करेगा कि योजना का लाभ केवल पात्र परिवारों तक पहुंचे। जिन्होंने गलती से या अनजाने में राशन लिया, उन्हें सरेंडर करने की सलाह दी जा रही है, ताकि आगे कोई कानूनी कार्रवाई न हो। विभाग ने अपील की है कि अपात्र लोग स्वेच्छा से कार्ड सरेंडर करें, अन्यथा सख्ती से निरस्तीकरण होगा।

नगर क्षेत्र में डिलीट किए गए राशन कार्ड

ब्लॉक आयकरदाता डिलीट राशनकार्ड
फैजाबाद शहर 3117 2724
अयोध्या 871 822
रुदौली 577 126
बीकापुर 223 0
भदरसा 194 192
कुल योग 5452 4298

इन ब्लॉक में कटे सर्वाधिक राशन कार्ड

ब्लॉक आयकरदाता परिवार डिलीट राशन कार्ड
अमानीगंज 1187 1120
तारुन 1465 1219
पूराबाजार 2298 1922
बीकापुर 1449 523
मवई 574 38
मसौधा 2293 1854
मयाबाजार 1513 1223
मिल्कीपुर 1563 1239
रुदौली 858

145

सोहावल 1371

930

हैरिंग्टनगंज 1080

1059

कुल योग 15651

11272

ऐसे पकड़ में आ रहे आयकरदाता

दरअसल कुछ माह पहले राशन कार्ड धारकों की केवाईसी हुई। आधार कार्ड से पैन कार्ड लिंक होने के कारण आयकर विभाग की मामला पकड़ में आ गया। आयकर विभाग ने आईटीआर जमा करने वालों की सूची जिला आपूर्ति विभाग को भेज दी। सूची मिलते ही अधिकारी जांच में जुट गए।

विभाग में पहुंचकर लोग कर रहे हंगामा

आयकरदाता परिवारों का राशन कार्ड निरस्त होने के बाद लोग विभाग के चक्कर लगा रहे हैं। अधिकारियों की मानें तो कई तो लड़ने पर उतारू हो जाते हैं, लेकिन जब उनका पैन कार्ड मांगा जाता है तो सकते में आते हैं। इनमें कई तो पैन कार्ड दिखा देते हैं, जबकि कई बहाना निकल जाते हैं।

आईटीआर भरने वालों का डाटा हमें भारत सरकार की तरफ से मिला है। राशन कार्ड में शामिल लोगों में कोई भी अगर आयकर भर रहा है तो उसकी सूचना हमारे पास आ जा रही है। कुछ मामलों में अगर गड़बड़ी हुई तो हम जांच कराते हैं। हालांकि जो भी आईटीआर भर रहा है। उसका राशन कार्ड निरस्त किया जा रहा है। -बृजेश मिश्रा, जिला आपूर्ति अधिकारी

संबंधित समाचार