बाराबंकी में चोरों का तांडव जारी : 18 लाख के जेवर और 50 हजार नकद लेकर चोर चंपत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

निन्दूरा/बाराबंकी, अमृत विचार। शातिर चोरों का तांडव जारी है। सोमवार रात एक घर में दाखिल हुए चोरों ने 18 लाख रुपये की कीमत के सोने चांदी के जेवर व 50 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार की सुबह जगे परिजनों को घटना का पता चला। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मौके की जांच पड़ताल की है। 

जानकारी के अनुसार चोरी की यह घटना कुर्सी थाना के राजापुर मजरे अमरसंडा गांव में सोमवार की रात हुई। गांव निवासी अहंकार यादव पुत्र स्व. बच्चू लाल ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि वह खेती किसानी करते हैं, साथ ही अपना व्यवसाय भी है। सोमवार को आधी रात के बाद चोर मकान के पीछे की दीवार फांद कर घर में घुस गए।

चोरों ने कमरे में रखी अलमारी आदि का ताला तोड़ कर नकदी जेवर आदि सामान पार कर दिया। सुबह जब घर के लोगों की नींद खुली तो कमरे में बिखरा सामान देख कर लोगों को चोरी की जानकारी हुई। इससे घर में हड़कंप मच गया। घर में शोर शराबा सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

पीड़ित ने बताया कि चोर अलमारी का ताला तोड़कर एक चांदी की करधनी, एक जोड़ी पाजेब, सोने की नथुनी, एक जोड़ी झुमकी, मांग बिंदी, सोने की एक जोड़ी झाला, दो जोड़ी चांदी के पायल चार जोड़ी बिछिया, एक सोने का हार, तीन सोने की अंगूठी, चांदी की तीन अंगूठी, नाक के दो बुन्दा, सोने के हाथ फूल, चांदी के कमर गुच्छा, एक हसुली चांदी की आदि सोने चांदी के जेवरात और 50 हजार रुपये नकद ले गए हैं। तहरीर पाकर पुलिस ने घटनास्थल की जांच की है। प्रभारी निरीक्षक कृष्णकांत सिंह ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार