भारत-एशिया बौद्ध संवाद: बीएचयू में गूंजेगा बौद्ध विमर्श, आठ देशों के विद्वान लेंगे हिस्सा
लखनऊ, अमृत विचार : काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पालि एवं बौद्ध अध्ययन विभाग की ओर से 17 से 19 फरवरी तक तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय बौद्ध सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। यह सम्मेलन केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, अंतरराष्ट्रीय बौद्ध शोध संस्थान, उत्तर प्रदेश संस्कृति विभाग और तोयो विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में होगा।
सम्मेलन में म्यांमार, कोरिया, श्रीलंका, नेपाल, कंबोडिया, जापान, थाईलैंड और वियतनाम सहित आठ देशों के विद्वान भाग लेंगे। तीन दिनों में कुल 80 चयनित शोध-पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। तकनीकी सत्रों में पालि त्रिपिटक, अट्ठकथा परंपरा, बौद्ध तर्कशास्त्र, थेरवाद और महायान दर्शन, तुलनात्मक बौद्ध अध्ययन तथा अंतरराष्ट्रीय बौद्ध संवाद जैसे विषयों पर गहन चर्चा होगी।
17 फरवरी को उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि नव नालंदा महाविहार के कुलपति प्रो. सिद्धार्थ सिंह होंगे, जबकि समापन सत्र 19 फरवरी को आयोजित होगा, जिसमें सम्मेलन की संस्तुतियां प्रस्तुत की जाएंगी। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि यह सम्मेलन भारत और एशियाई देशों के बीच बौद्ध शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक संबंधों को नई मजबूती देगा।
ये भी पढ़ें :
Holi 2026: फागुन मास हुआ शुरू, अयोध्या के मंदिरों में चढ़ने लगा होली का रंग
