लखनऊ : फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग करने वाले मुख्य शूटर समेत सात गिरफ्तार
लखनऊ, अमृत विचार : बालीबुड में दहशत फैलाने के इरादे से फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के बंगले पर की गई फायरिंग के मामले में एसटीएफ ने बड़ी सफलता प्राप्त की है। यूपी एसटीएफ ने मुंबई क्राइम ब्रांच और हरियाणा एसटीएफ को साथ लेकर मुख्य शूटर समेत गैग के सात अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया । सभी गिरफ्तार शूटर यूपी के आगरा, नोएडा और इटावा के रहने वाले हैं। सभी अभियुक्तों को मुंबई क्राइम ब्रांच अपने साथ ले जाएगी।
एसटीएफ प्रवक्ता के मुताबिक बीते एक फरवरी को मुंबई में जुहू स्थित शेट्टी टावर पर फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद बालीबुड में दहशत फैल गई थी। उधर मुंबई क्राइम ब्रांच को सुराग लगा कि फायरिंग करने वाले शूटर शुभम लोनकर गैंग से जुड़े हैं। साथ ही सभी उत्तर प्रदेश (यूपी) के रहने वाले हैं। शुभम का नाम बीते दिनों गंगा नगर में पांच करोड़ की रंगदारी मांगने के मामले में आया था। उसके तार लारेंस बिशनोई गैंग से भी जुड़े हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम लखनऊ आई और एसटीएफ से मदद मांगी। एसटीएफ ने सुरागसी की तो पता चला कि फायरिंग में शामिल सदस्य आगरा, नोएडा और इटावा के निवासी हैं।
इनकी हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ ने हरियाणा के झज्जर में दबिश देकर आगरा के बाह थाना क्षेत्र के गांव बिजौली निवासी मुख्य शूटर दीपक पुत्र रमेश चंद्र, सनी पुत्र राकेश कुमार, सोनू व रितिक पुत्र विनोद कुमार, विष्णु कुशवाहा पुत्र सूरजपाल कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। दूसरी टीम ने गाजियाबाद के साहिबाबाद से जतिन भारद्वाज पुत्र रत्नेश भारद्वाज निवासी सदरपुर सेक्टर-45 गौतमबुद्ध नगर और विशाल पुत्र बालकराम निवासी बसवारा, इटावा को गिरफ्तार कर लिया। सोनू और रितिक सगे भाई हैं।
दहशत फैलाने के लिए की थी फायिरंग
एसटीएफ के मुताबिक अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि विष्णु कुशवाहा के संबंध कुख्यात शुभम लोनकर गैंग के गोलू पंडित से हैं। गोलू पंडित को हरियाणा के गंगानगर में गोली चलाने की एवज में बड़ी धनराशि मिली थी। इसके चलते सभी ने मुंबई में दहशत फैलाकर रंगदारी लेने के इरादे से रोहित शेट्टी के बंगले पर फायरिंग की थी।
