UP Board Exam : बाराबंकी में आज से110 केन्द्रों पर बोर्ड परीक्षा का आगाज, 76 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी होंगे शामिल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी में बुधवार से यूपी बोर्ड परीक्षा का आगाज होने जा रहा है। इसके लिए विभागीय अफसरों कर्मियों के साथ ही परीक्षार्थियों ने कमर कस ली है। कल से बाराबंकी के 110 केन्द्रों पर कुल 76 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी निर्धारित समय पर एकत्र होंगे। मंगलवार को परीक्षा से जुड़े जिम्मेदार व कर्मी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जूझते रहे। परीक्षा को नकलविहीन बनाने के लिए इस बार कड़े इंतजाम के दावे हैं। 

बता दें कि यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कल 18 फरवरी से शुरु हो रही हैं। इस बार परीक्षा में कुल 76316 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे, इनमें हाईस्कूल के 42264 व इंटरमीडिएट के 34062 परीक्षार्थी हैं। इस बार कुल 110 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इनमें 13 केन्द्र संवेदनशील श्रेणी में शामिल हैं। सभी केन्द्रों पर केन्द्र व्यवस्थापक के साथ ही वाह्य केन्द्र व्यवस्थापक की तैनाती की गई है। हर केन्द्र पर वायस रिकार्डर वाले सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सारी गतिविधि कैद होती रहे।

वहीं इन पर नजर बनाए रखने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में नियंत्रण कक्ष भी बनाया गया है। केन्द्र से सौ मीटर परिधि तक बाहरी लोगों को प्रवेश प्रतिबंधित रखा गया है। यहां बता दें कि बाराबंकी को 11 सेक्टर व 7 जोन में विभाजित किया गया है। इसके साथ ही पांच सचल दस्ते अपने अपने वाहनों से निकट व दूर के परीक्षा केन्द्रों का जायजा लेते रहेंगे।

गत वर्ष की भांति प्रश्न पत्र लीक होने की संभावना से निपटने के लिए हर केन्द्र पर प्रत्येक विषय के वैकल्पिक प्रश्न पत्र उपलब्ध रहेंगे, जिससे लीक आउट होने की दशा में परीक्षा निरस्त करने के बजाए अबाध गति से चलती रहे। डीआईओएस कार्यालय रविवार होने के बावजूद परीक्षा तैयारियों को अंजाम देता रहा। वहीं परीक्षा केन्द्रों पर भी हलचल बनी रही।

संबंधित समाचार