लखनऊ : बेसिक शिक्षा में 46,944 पद रिक्त, फिलहाल भर्ती की कोई योजना नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार: उत्तर प्रदेश में परिषदीय विद्यालयों में सहायक अध्यापक सीधी भर्ती के 46,944 पद रिक्त हैं, लेकिन सरकार की ओर से फिलहाल नई भर्ती की कोई योजना नहीं है। यह जानकारी बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में दी।

चित्रकूट से सपा विधायक अनिल प्रधान के प्रश्न के लिखित उत्तर में मंत्री ने बताया कि 1 अप्रैल 2022 से 8 जनवरी 2026 के बीच सरकार ने 5,856 अभ्यर्थियों का चयन एवं नियुक्ति की है। हालांकि, प्राथमिक विद्यालयों में बड़ी संख्या में पद खाली होने के बावजूद नई भर्ती पर सरकार विचार नहीं कर रही है। विधायक ने यह भी पूछा कि क्या शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) उत्तीर्ण अभ्यर्थियों के लिए नए पद सृजित कर भर्ती परीक्षा कराने पर विचार किया जा रहा है। इस पर सरकार की ओर से स्पष्ट जवाब दिया गया- जी नहीं।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त संख्या में शिक्षक और शिक्षामित्र कार्यरत हैं तथा एक भी परिषदीय विद्यालय बंद नहीं किया गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सरकार पांच-पांच लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा दे रही है। इनके मानदेय में वृद्धि पर भी विचार किया जा रहा है, जिसकी जानकारी शीघ्र सदन को दी जाएगी।

राजभर बोले, बगैर कागज पढ़े बोलेंगे तो दिक्कत हो जाएगी
पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने प्रश्नकाल में कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष का सीधे जनता के द्वारा चुनाव कराने के लिए दो बार केंद्र को पत्र लिख चुके हैं। सपा सदस्य अतुल प्रधान के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इसमें जो संशोधन होना है उसे केंद्र सरकार को ही करना है। विपक्ष ने डबल इंजन सरकार का हवाला दिया तो मंत्री बोले...तभी तो भइया दो बार पत्र लिख चुके हैं और मिल भी आए हैं। सिंगल इंजन की सरकार होती तो यह भी न हो पाता। एक प्रश्न के जवाब में मंत्री लिखित उत्तर पढ़ने लगे तो विपक्ष ने इस पर तंज कसा। राजभर बोले बगैर कागज पढ़े यदि हम बोलेंगे तो आपको दिक्कत हो जाएगी।

ये भी पढ़ें : Macron India Visit: मुंबई पंहुचा फांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों का विमान, प्रधानमंत्री मोदी बोले-भारत में आपका स्वागत

संबंधित समाचार