Bareilly: महाशिवरात्रि में लगने वाले मेलों में बड़े झूले के लिए लेनी होगी अनुमति

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर जिले में कानून और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई। इसमें साफ किया गया कि महाशिवरात्रि में लगने वाले मेलों में बड़े झूले लगाने के लिए अनुमति लेनी होगी। साथ ही सातों शिव मंदिरों पर एम्बुलेंस और फायर बिग्रेड की गड़ियां भी तैनात की जाएंगी। ताकि हर आपत स्थिति से निपटने के लिए टीम तैयार रहे।

बैठक में आगामी त्योहारों को लेकर क्षेत्रवार लोगों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गयी और सम्बंधित अधिकारियों को समस्याओं के निराकरण के निर्देश दिए गए। आयोजकों की ओर से शोभायात्रा के दौरान लाईट आपूर्ति सुचारू रखने, मांस-मदिरा की दुकानें बंद कराने, आवासीय क्षेत्र की पतली गलियों में लटकी विद्युत केबिल को सही कराने की भी अपील की गई। धोपेश्वर नाथ मंदिर के महंत ने जानकारी दी कि मंदिर प्रांगण में निर्माण कार्य पर्यटन विभाग के अन्तर्गत संचालित है। वहां निर्माण सामग्री फैली हुई है। इससे आने वाले भक्तगणों को असुविधा हो सकती है। 

उक्त सभी समस्याओं के निस्तारण के लिए सम्बंधित विभागों के अधिकारियों निर्देशित किया गया। इतना ही नहीं प्रमुख शिव मंदिरों पर एम्बुलेंस, फायर बिग्रेड की गड़ियां की व्यवस्था और जलकुंड वाले मंदिरों में गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। शोभायात्रा के आयोजकों को भी निर्देश दिए गए कि शोभायात्रा में जो गाड़ियां लगायी जाएं उनकी फिटनेस भी चेक करा ली जाए। मंदिर में प्रवेश व निकास द्वार अलग-अलग बनाए जाएं, मंदिर का फर्श फिसलन भरा ना हो इस बात का ध्यान रखा जाए। मंदिर प्रांगण में विद्युत तार खुले में ना रहें। सीसीटीवी कैमरे खराब हो उन्हें समय रहते ठीक करा लिया जाएं। बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, पुलिस अधीक्षक नार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात, पुलिस अधीक्षक क्राइम, सीओ एलआईयू, उपजिलाधिकारी सदर, नवाबगंज, फरीदपुर, मीरगंज, बहेड़ी सहित सम्बंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

संबंधित समाचार