Bareilly: 10 विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस, 1.28 करोड़ की बकाया वसूली होगी
बरेली, अमृत विचार। नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाली दस विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी कर एक वर्ष का विज्ञापन शुल्क और जुर्माना वसूलने का आदेश दिया है। इससे करीब 1.28 करोड़ की वसूली होगी। बता दें कि शहर में 64 अवैध रूफटॉप की पहचान के बावजूद अधिकारी कार्रवाई में सुस्ती बरतते रहे। यह बात मंगलवार को अमृत विचार ने ''''''''64 अवैध रूफटाप चिह्नित, रिपोर्ट के 10 दिन बाद भी कार्रवाई नहीं'''''''' शीर्षक से प्रमुखता से उठाई।
इसके बाद अधिकारियों की नींद टूटी और कार्रवाई शुरूकी गयी। देर शाम ही नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाली दस विज्ञापन एजेंसियों को नोटिस जारी कर एक वर्ष का विज्ञापन शुल्क और जुर्माना वसूलने का आदेश दिया है। दरअसल, यूनिपोल और कैंटीलीवर का पैसा जमा नहीं करने वाली विज्ञापन एजेंसियों का मामला पिछले महीने सामने आने पर नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने विज्ञापन एवं राजस्व प्रभारी राजीव कुमार राठी की अगुवाई में पांच सदस्यीय कमेटी गठित कर जांच कराई थी।
कमेटी ने रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें 64 अवैध रूफटाॅप का खुलासा हुआ था। इसमें कई के ढांचे नियमों को ताक पर रखकर खड़े मिले। 90 प्रतिशत से ज्यादा रूफटॉप तय मानकों से बड़े पाए गए। निगम ने पहले दो वर्ष का विज्ञापन शुल्क वसूलने, जुर्माना लगाने, अवैध संरचनाएं हटाने और संबंधित भवनों पर व्यावसायिक कर लगाने की बात कही थी, लेकिन रिपोर्ट के दस दिन बाद भी किसी तरह की कार्रवाई आगे नहीं बढ़ाई।
हर महीने 18 से 20 लाख रुपये के अनुमानित नुकसान के बावजूद अफसरों की चुप्पी समझ से परे होने पर अमृत विचार के प्रमुखता से इसे प्रकाशित किया। विज्ञापन प्रभारी राजीव राठी ने बताया कि बकाया एजेंसियों में मै० एडवटेक प्रिंट एण्ड मीडिया प्रा० लि० पर 18,41,701 रुपये, मै० इम्पैक्ट पर 37,67,874 रुपये, मै० प्रकाश आर्ट स्टूडियो पर 46,55,530 रुपये, मै० एचआर पब्लिसिटी पर 7,99,316 रुपये, मै० एडमेकर पर 9,60,203 रुपये, मै० जागरण इंजन पर 2,73,465 रुपये, आदित्य पर 1,01,054 रुपये, मोहसिन और मोनिका पर समान रूप से 1,72,131 रुपये तथा मीडिया आउटडोर पर 80,937 रुपये बकाया हैं। सभी एजेंसियों को तीन दिन के भीतर बकाया राशि जमा कराने और संबंधित फॉर्म प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निर्धारित अवधि में फॉर्म न आने पर संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। इधर, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य का कहना है कि शहर में नियमों का उल्लंघन नहीं बर्दाश्त किया जाएगा और सभी विज्ञापन एजेंसियों को नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।
