ऑयल टैंकर पलटते ही बनी आग का गोला: 25 किमी लंबा जाम, कड़ी मशक्क्त के बाद आग पर फायरफाइटर ने पाया काबू
कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के सैनी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात मोबिल ऑयल से भरा एक टैंकर विद्युत पोल से टकराकर पलट गया, जिससे सड़क पर तेल फैलने के बाद भीषण आग लग गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार औरैया के रुपपुर निवासी चालक सुधीर सिंह और क्लीनर विनीत दिल्ली से मोबिल ऑयल लेकर कोलकाता जा रहे थे। कानपुर-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर लोहदा मोड़ के पास टैंकर अनियंत्रित होकर एचटी विद्युत लाइन के पोल से टकरा गया और पलट गया।
टक्कर के बाद तेल करीब 100 मीटर तक सड़क पर फैल गया। टक्कर से विद्युत तार टूटकर नीचे गिर गई, जिससे फैल चुके तेल में आग लग गई। आग की लपटें करीब 100 फीट तक उठने लगीं, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुजर रहे वाहन चालक दहशत में आ गए। देखते ही देखते लगभग 25 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।
सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। अग्निशमन केंद्र सैनी के प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आग अत्यंत विकराल थी और दमकल कर्मियों को लगभग 100 मीटर दूरी से पानी की बौछार करनी पड़ी। पुलिस के अनुसार चालक और क्लीनर सुरक्षित हैं।
