Sambhal : फिल्म ‘यादव जी की लव स्टोरी’ की तीखा विरोध

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

निर्माता, निर्देशक और कलाकारों के खिलाफ एफआईआर, कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा

संभल, अमृत विचार। 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म यादव जी की लव स्टोरी का विरोध तेज हो गया है। बुधवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं व यादव समाज के लोगों ने फिल्म पर पाबंदी की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन कर ज्ञापन सौंपा। धनारी थाना पुलिस ने फिल्म के निर्माता, निर्देशक और हीरो-हीरोइन सहित चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

धनारी थाना में गांव भकरौली निवासी अरविंद कुमार की तहरीर पर फिल्म निर्माता संदीप तोमर, निर्देशक अंकित भड़ाना, अभिनेत्री प्रगति तिवारी और अभिनेता विशाल मोहन के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई। तहरीर में कहा गया कि फिल्म की कहानी से यादव समाज की छवि धूमिल होती है और सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका है। आरोप है कि फिल्म में यादव समाज की लड़की और दूसरे समुदाय के युवक की प्रेम कहानी को आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत किया गया।चेतावनी दी है कि यदि फिल्म रिलीज हुई तो सिनेमाघरों में प्रदर्शन का विरोध किया जाएगा। सिनेमा घर संचालकों से अपील की है कि वे फिल्म का प्रदर्शन न करें। धनारी थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि अरविंद कुमार की शिकायत पर उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सिनेमाघरों में नहीं चलने दी जाएगी यादव जी की लव स्टोरी
संभल,अमृत विचार: 27 फरवरी को रिलीज होने जा रही फिल्म यादव-जी की लव स्टोरी को लेकर बुधवार को कलेक्ट्रेट पर सपा युवजन सभा कार्यकर्ताओं ने विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि फिल्म को किसी भी सिनेमा घर में चलने नहीं दिया जाएगा। साथ ही जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन देकर फिल्म पर रोक लगाने और संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।

बुधवार को समाजवादी पार्टी युवजन सभा के कार्यकर्ताओं ने डिप्टी कलेक्टर नीतू रानी को ज्ञापन सौंपा। कहा कि फिल्म के फिल्म में यादव जाति का कोई वास्तविक पात्र नहीं है और केवल यादव समाज की छवि खराब करने की नीयत से फिल्म को यह नाम दिया गया है। सपा के जिला महासचिव कृष्णमुरारी शंखधार ने कहा कि जिस प्रकार फिल्म में कथानक प्रस्तुत किया गया है, उससे सामाजिक ताने-बाने को ठेस पहुंची है । सपा युवजन सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील यादव ने कहा कि फिल्म में यादव समाज की बेटी और मुस्लिम युवक की कहानी दिखाई गई है। उनका कहना है कि कहानी से उन्हें आपत्ति नहीं है, लेकिन इसे “लव जिहाद” के रूप में प्रस्तुत किए जाने की बात कही जा रही है, जो एक संवेदनशील और विवादित विषय है। ज्ञापन देने वालों में उमेश चंद्र दिवाकर, अरविंद यादव, राहुल यादव, अनूप कुमार, मनीष यादव, ताहिर उल्ला खान, लव कुमार, रवि कुमार, शिवम यादव, पप्पू यादव, मोहित, यादवेंद्र यादव, वीरेश यादव और सूरजपाल यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

संबंधित समाचार