बरेली : सिटी बस रूट में बदलाव, त्रिवटीनाथ मंदिर बना नया बस स्टॉप

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली जंक्शन से मिनी बाइपास रूट पर बसों के स्टॉपेज की संख्या बढ़कर हुई 19

बरेली, अमृत विचार। शहर के यात्रियों के लिए बरेली सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड ने बरेली जंक्शन से मिनी बाईपास के बीच एक नए स्टॉपेज में त्रिवटीनाथ मंदिर को भी जोड़ा है। 14 किलोमीटर लंबी दूरी में अब कुल 19 स्टॉपेज होंगे। अधिकारियों के मुताबिक श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की मांग पर त्रिवटीनाथ मंदिर को आधिकारिक रूप से सूची में शामिल किया गया है। इस बदलाव से श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी।

सिटी बस सर्विसेज के तहत 25 ई-बसों का संचालन बरेली-शीशगढ़, शेरगढ़ रूटों पर किया जा रहा था। नवंबर के बीच इन बसों का संचालन शहर की सीमा में शुरू कर दिया गया। यात्रियों की संख्या में गिरावट आई तो एक जनवरी से न्यूनतम किराया 12 से घटाकर पांच रुपये कर दिया गया। प्रबंध संचालक मनीषा दीक्षित ने बताया कि सर्वे के बाद बीते माह स्वालेनगर मिनी बाईपास से सेटेलाइट बस अड्डा के बीच छह नए स्टॉपेज जोड़े गए थे। वहीं, अब बरेली जंक्शन से मिनी बाईपास के बीच एक नया स्टॉपेज त्रिवटीनाथ मंदिर जोड़ा गया है। बसें अब स्टेशन से कचहरी, डीएम ऑफिस, चौकी चौराहा, अयूब खां चौराहा, कोतवाली, कोहाड़ापीर, जीआरएम स्कूल, त्रिवटीनाथ मंदिर, धर्मकांटा, सेलेक्शन प्वाइंट, झूलेलाल द्वार, डेलापीर चौराहा, ट्यूलिप ग्रेस, आईवीआरआई मेन गेट, इज्जतनगर तिराहा, बसंत विहार चौराहा, भास्कर हॉस्पिटल, कर्मचारी नगर और अंत में मिनी बाईपास तिराहा पहुंचेगी। इस रूट से शहर के प्रमुख शैक्षणिक, धार्मिक और व्यावसायिक क्षेत्रों तक सुगम पहुंच मिलती है। नए स्टॉपेज से यात्रियों को अब मंदिर क्षेत्र में उतरने के लिए अतिरिक्त दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। यदि भविष्य में किसी अन्य क्षेत्र से मांग आती है तो रूट की समीक्षा कर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे, ताकि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो सके। दावा किया इस रूट पर नए स्टॉपेज जुड़ने से आय में सुधार और सेवा को विस्तार होगा।

संबंधित समाचार