अधिवक्ता हत्याकांड : वकीलों की हड़ताल अग्रिम आदेशों तक स्थगित
गुरुवार को अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन सभागार में बैठक कर लिया फैसला
रामपुर, अमृत विचार। जिला पंचायत कार्यालय में 11 फरवरी को अधिवक्ता फारुख अहमद खां की गोली मारकर हत्या के मामले में गुरुवार को बार एसोसिएशन रामपुर सभागार में एक आम सभा हुई। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी की अध्यक्षता में निर्णय लिया गया कि अग्रिम आदेशों तक हड़ताल स्थगित रहेगी।
बैठक में राजेंद्र प्रसाद लोधी ने कहा कि हत्या के मामले में आरोपी अपर मुख्य अधिकारी की गिरफ्तारी एवं मृतक अधिवक्ता के परिवार को मुआवजा सहित अन्य मांगों को लेकर सभी अधिवक्ता न्यायिक कार्यों से विरत हैं। बार एसोसिएशन रामपुर के अधिवक्ताओं द्वारा जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन दिया जा चुका है। सभी मांगों के संबंध में जिलाधिकारी द्वारा लगातार पत्राचार किया जा रहा है तथा पुलिस अधीक्षक द्वारा भी अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए प्रयास हो रहे हैं। जबकि आरोपी के खिलाफ साक्ष्य एकत्रित किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन द्वारा सदस्यों की मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया है कि जल्द ही अधिवक्ताओं की मांगों को पूरा किया जाएगा।
इसके अलावा बार एसोसिएशन रामपुर के सदस्यों द्वारा एक प्रार्थना पत्र भी दिया गया है। इस सभा में उस प्रार्थना पत्र पर भी विचार विमर्श किया गया। होली व ईद का त्यौहार आने वाला है, इसपर भी विचार विमर्श किया गया। शासन व पुलिस प्रशासन द्वारा किए जा रहे हमारी मांगों को लेकर आश्वासन दिया गया है। इस आश्वासन पर सभी सदस्यों को भरोसा करते हुए सर्व सम्मति से यह निर्णय लिया कि अधिवक्ताओं की भावनाओं का सम्मान करते हुए और वादकारियों के हित में फैसला लिया कि अग्रिम आदेश तक हड़ताल स्थगित की जाती है। 19 फरवरी से अग्रिम आदेश तक सुचारू रूप से कार्य किया जाएगा। सभा की अध्यक्षता बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद लोधी ने की और संचालन महाचिव मोहम्मद उसमान खान ने किया गया।
