पितांबरपुर क्रॉसिंग : सर्विस रोड की जद में आ रहे पांच मकान
सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक ने डीएम से मुलाकात कर पेश किया ब्योरा
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर-बुखारपुरा मार्ग पर पितांबरपुर में रेलवे क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज की सर्विस रोड के निर्माण में पांच मकानों के आने की गंभीर अड़चन एक साल से बनी हुई है। सर्विस रोड निर्माण में मकानों के आंशिक हिस्से आने और उन्हें तोड़ने की समस्या हल कराने के संबंध में सेतु निगम के मुख्य परियोजना प्रबंधक धन प्रकाश ने गुरुवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह से मुलाकात करके ब्योरा पेश किया। इस दौरान एक मकान मालिक के कोर्ट जाने की बात भी डीएम को बतायी। इस पर डीएम ने कहा कि कोर्ट से अभी तक कोई दिशा-निर्देश जारी नहीं हुए हैं, तब सर्विस रोड निर्माण की अड़चन दूर कराएं।
डीएम ने मुख्य परियोजना प्रबंधक को एसडीएम फरीदपुर और पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से समन्वय कर सात दिन में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी से मिलने के बाद मुख्य परियोजना प्रबंधक धन प्रकाश फरीदपुर गए और वहां एसडीएम से मुलाकात की। इसके साथ सर्विस रोड की राह में आ रहे मकानों के आंशिक हिस्से का भी निरीक्षण किया। दरअसल, पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग 352 सी पर दो लेन ओवरब्रिज के निर्माण की वित्तीय एवं प्रशासकीय स्वीकृति 27 फरवरी 2023 को जारी हुई थी। कुछ ही समय बाद निर्माण कार्य शुरू हो गया था। ओवरब्रिज के पहुंच मार्ग वाले हिस्से का निर्माण सेतु निगम और रेल विभाग के हिस्से का निर्माण खुद रेलवे की ओर से कराया जा रहा है।
54 करोड़ से शुरू हुआ था निर्माण
पितांबरपुर रेलवे क्रॉसिंग पर जाम की भीषण समस्या के कारण वर्ष 2019-20 में ओवरब्रिज का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था। तत्कालीन सांसद धर्मेंद्र कश्यप ने ओवरब्रिज स्वीकृत कराने के लिए मुख्यमंत्री से लेकर रेलमंत्री तक कड़ी पैरवी की थी। तब कहीं इसे स्वीकृति मिली। करीब 54 करोड़ की लागत से 500 मीटर लंबा ओवरब्रिज बनाया जा रहा है। इसका निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। ओवरब्रिज का निर्माण आबादी के बीच हो रहा है इसलिए दिक्कतें भी आ रही हैं।
पांच मकानों के आंशिक हिस्से सर्विस रोड निर्माण में आ रहे हैं। डीएम से मुलाकात के बाद फरीदपुर में भी स्थिति परखी है। जल्द सर्विस रोड निर्माण के लिए कार्रवाई शुरू कराई जाएगी। एसडीएम मल्लिका नैन से भी इस संबंध में बातचीत हुई है। - धन प्रकाश, मुख्य परियोजना प्रबंधक सेतु निगम।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है फरीदपुर में बुखारा मार्ग पर बनाए जा रहे ओवरब्रिज एवं एप्रोच मार्ग को लेकर जो भी जरूरी कार्रवाई है, उसे शीघ्र किया जाए। हमने एक्सईएन को कह दिया है अपने स्तर पर जो भी कार्रवाई होनी है, उसे शीघ्र कराएं। -मालिका नैन, उपजिलाधिकारी फरीदपुर।
