पीएम मोदी देंगे मेरठ को बड़ी सौगातः अब दिल्ली से मेरठ तक का सफर तय करें सिर्फ 55 मिनट में, नमो भारत RRTS और मेरठ मेट्रो का भव्य उद्घाटन
मेरठः 22 फरवरी 2026 यानी की आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तर प्रदेश के मेरठ पहुंच रहे हैं, जहां वे परिवहन और विकास क्षेत्र में क्रांतिकारी कदम उठाएंगे। दोपहर करीब 12:30 बजे शताब्दी नगर नमो भारत स्टेशन पर वे मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके बाद पीएम मोदी मेरठ साउथ स्टेशन तक मेट्रो की सवारी भी करेंगे, जो इस एकीकृत ट्रांजिट सिस्टम की खासियत को दर्शाएगा।
इसके बाद लगभग 1 बजे वे करीब 12,930 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें देश की पहली रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) - नमो भारत के पूरे 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करना शामिल है।
पीएम मोदी उन बचे हुए खंडों का भी उद्घाटन करेंगे, जिनमें दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर तक 5 किमी का हिस्सा और उत्तर प्रदेश में मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी का सेक्शन है। अब दिल्ली से मेरठ का सफर महज 55 मिनट में पूरा हो सकेगा, क्योंकि नमो भारत ट्रेन 180 किमी/घंटा (ऑपरेशनल स्पीड 160 किमी/घंटा तक) की रफ्तार से दौड़ेगी।
यह कॉरिडोर साहिबाबाद, गाजियाबाद, मोदीनगर और मेरठ जैसे प्रमुख शहरों को दिल्ली से तेज और सुगम कनेक्टिविटी प्रदान करेगा। साथ ही, मेरठ मेट्रो (मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक) भी शुरू होगी, जो देश की सबसे तेज मेट्रो में शुमार होगी।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री एक जनसभा को संबोधित भी करेंगे, जहां वे इन परियोजनाओं के महत्व और उत्तर प्रदेश के विकास पर बात करेंगे।
