Ramadan 2025: शिया जामा मस्जिद में 24 रमजान को शुरू होगा 3 दिवसीय एतिफाक

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार। तहसीनगंज स्थित शिया जामा मस्जिद में रमजान में होने वाला तीन दिवसीय एतिफाक कार्यक्रम 24 रमजान (14 मार्च) से शुरू होगा। यह एतिफाक का 28वां साल है। मौलाना शाहकार जैदी ने बताया कि रमजान मुबारक की महत्वपूर्ण इबादत एतिफाक को करने का हुक्म अल्लाह ने अपनी किताब कुरान मजीद में दिया और लखनऊ की शिया जामा मस्जिद तहसीनगंज में पिछले 27 वर्षों से हर वर्ष रमजान के पवित्र महीने की आखिरी तारीखों यह इबातद होती चली आ रही है।

मस्जिद के पूर्व पेश इमाम मौलाना सैय्यद अली कासिम रिजवी और पूर्व डिप्टी एसपी रिजवान हैदर की कोशिशों से शाही जामा मस्जिद में वर्ष 1999 में पहली बार इस महत्वपूर्ण इबादत का सफल आयोजन किया गया। एतिकाफ में पिछले लगभग 25 वर्षों से अपनी सेवा दे रहे शाहकार जैदी ने बताया कि इस वर्ष एतिकाफ 24, 25 व 26 रमजान (14, 15 व 16 मार्च 2026) को किया जायेगा। एतिकाफ के दौरान मस्जिद में ठहरने वाले रोजदारों को शिया धर्मगुरुओं द्वारा कुरान का पाठ कराने के साथ ही धार्मिक ग्रंथों और इस्लाम धर्म से सम्बन्धित बातों की जानकारी दी जाती है जिसमें एतिकाफ में बैठने वालों को बहुत सी जानकारियों के साथ इस्लाम के नाम पर समाज में फैली भ्रांतियों और उनसे बचने के उपाय की जानकारी भी प्राप्त होती है।

तीन दिन तक रोजेदार एतिकाफ करने के लिये मस्जिद में ही ठहरते हैं और अल्लाह की इबादत करते हुए अपने लिये, अपने परिवार के लिये, समाज के लिये और देश व दुनिया के कल्याण के लिये दुआएं मांगते हैं। उन्होंने बताया कि एतिकाफ में बैठने की पहली शर्त यही है कि जो इसमें भाग लेना चाहता है उस पर रोज़ा अनिवार्य होता है बिना रोज़ा रखे एतिफाक नहीं कर सकता।

इस वर्ष भी एतिकाफ में भाग लेने के लिये एक फार्म पिछले वर्ष की तरह भरना अनिवार्य होगा और जिसके लिये अपनी एक पासपोर्ट साइज़ फोटो और आधार की कापी लाना होगा, जिसका कोई शुल्क नही है। एतिकाफ में भाग लेने के लिये 24 रमज़ान की सहरी के समय यानि सुबह की आज़ान से पहले मस्जिद में प्रवेश करना होगा। एतिकाफ के दौरान रोजेदारों के लिये तीन दिन तक सहरी, इफ़्तारी व शाम के खाने का इंतेज़ाम मस्जिद के मोमिनीन की तरफ से किया जाता है।

एतिफाक का इंतजाम विकार हैदर रिज़वी पूर्व डिप्टी एसपी, महमूद अख़्तर, शकील रिज़वी, रफीक, शाहिद काज़मी, इंजीनियर अहमद रज़ा, इंजीनियर यावर हुसैन, मज़हर हुसैन, मोहम्मद रजा, उर्फी, आशू जैदी, फैसल रिजवी, आरिफ, अर्शी जैदी, हैदर हुसैन आदि करेंगे।

संबंधित समाचार