बीएचयू हॉस्टल के बाहर फायरिंग, गुस्साए छात्रों ने किया प्रदर्शन, कार्रवाई की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) परिसर में शनिवार रात बिरला 'अ' हॉस्टल के बाहर स्नातक तृतीय वर्ष के छात्र रौशन मिश्रा पर बाइक सवार युवकों ने चार राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलने की आवाज सुनते ही हॉस्टल के कमरों से छात्र बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही प्रॉक्टोरियल बोर्ड की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। गुस्साए छात्रों ने कार्रवाई की मांग को लेकर घंटों सड़क जाम कर प्रदर्शन किया। 

पीड़ित छात्र रौशन मिश्रा ने लंका थाने में तहरीर दी है, जिसके आधार पर पीयूष कुमार तिवारी, ऋषभ और तपस नामक तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर लिया गया है। रौशन ने बताया कि वह अपने साथी विशाल कुमार के साथ हॉस्टल गेट के बाहर खड़े थे। तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर पीयूष कुमार तिवारी, ऋषभ और तपस आए और उन पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। 

किसी तरह दोनों ने खुद को बचाया। एक गोली उनके सिर के पास से गुजरी। वे हॉस्टल के कमरे की ओर भागे। रौशन ने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना निष्कासित छात्र क्षितिज उपाध्याय और अभिषेक उपाध्याय के इशारे पर हुई। उन्होंने बताया कि 20 दिनों पहले ही उन्होंने बीएचयू प्रशासन को हमले की आशंका की सूचना दी थी। 

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त वैभव बांगर ने बताया कि बीएचयू परिसर में फायरिंग की सूचना मिलने पर कई थानों की फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की गई। छात्रों ने कुछ समय तक सड़कों पर प्रदर्शन भी किया। तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। 

संबंधित समाचार