बदायूं: नाले में गिरकर डूबने से दो साल की बच्ची मौत
विजय नगला, अमृत विचार। घर के पास के खुले नाले में गिरकर दो साल की बच्ची की मौत हो गई। काफी देर तक बच्ची के नजर न आने पर परिजनों ने तलाश किया तो उसका शव नाले के पानी में उतराता मिला। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। वहीं प्रधान के अनुसार बच्ची की मौत तालाब में डूबने से हुई थी।
हादसा बिनावर थाना क्षेत्र के गांव सराय में रविवार दोपहर हुआ। गांव निवासी गंगाधर के घर के पास खुली नाली है। जिसमें पानी का भरा रहता है। रविवार को उनकी दो साल की बेटी नंदिनी घर पर खेलते समय किसी तरह नाली तक पहुंच गई और गिर गई। नजर न आने पर परिजनों ने उसकी तलाश की लेकिन वह नहीं मिली। साथ में खेल रहे बच्चों से जानकारी की तो उन्होंने नाली के पास देखने के बारे में बताया। परिजन नाली के पास गए। जहां नाली में बच्ची पड़ी थी।
परिजनों ने उसे बाहर निकाला और निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि सरकार ने नाली का निर्माण कराया है लेकिन उसके ऊपर स्लेप न डालने की वजह से यह हादसा हुआ। लोग अक्सर नाली में गिरकर चोटिल हो जाते हैं। ब्लॉक मुख्यालय पर कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया गया। प्रधान पति वीर सिंह ने बताया कि बच्ची की मौत नाली के पानी में डूबने से नहीं बल्कि तालाब में गिरकर डूबने से हुई है। थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह ने बताया इस संबंध में सूचना नहीं मिली है। अगर कोई शिकायत आती है तो जांच कराकर कार्रवाई करेंगे।
