सहारनपुर : भूमि विवाद में 22 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या, दो लोग घायल
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में बेहट थाना क्षेत्र के अंतर्गत कथित तौर पर जमीन विवाद को लेकर हुई गोलीबारी में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, घटना के समय विवादित जमीन को लेकर समझौते पर चर्चा के लिए दोनों पक्षों के प्रतिनिधि एकत्र हुए थे।
बातचीत के दौरान एक पक्ष ने कथित तौर पर दूसरे पक्ष पर गोली चला दी, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घायलों में से एक शिवम (22) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि अन्य दो का उपचार किया जा रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अक्षत शर्मा ने बताया कि खुद को जमीन का मालिक बताने वाले हरियाणा के गुरुग्राम के निवासी पंकज शर्मा ने रविवार को शाम करीब चार बजे शिवालिक फार्म हाउस में बैठक तय की थी, ताकि मामले का समाधान किया जा सके। हालांकि, बातचीत शुरू होने से पहले ही दूसरे पक्ष ने कथित तौर पर गोली चला दी।
एसएचओ ने बताया कि पंकज शर्मा का आरोप है कि सुनील, शक्ति सिंह और अजय सिंह ने गोलीबारी की, जिससे शिवम की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। शर्मा का दावा है कि आरोपी अवैध रूप से जमीन पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि यह जमीन वर्ष 2012 से उनके परिवार के स्वामित्व में है और उनकी पत्नी के नाम पर पंजीकृत है।
उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि आरोपियों ने पहले किसी अन्य कारोबार में लाभ के बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद उन्हें उनके हिस्से से वंचित करने के इरादे से जमीन से संबंधित एक फर्जी समझौता तैयार किया था। पुलिस ने एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर सुरक्षा बल तैनात कर दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
