SIR अभियान दिवस पर डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, दिए निर्देश, पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए
बाराबंकी, अमृत विचार। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत चौथे विशेष अभियान दिवस पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने विधानसभा बाराबंकी 268 के मतदान केंद्र राम सेवक इंटर कॉलेज, लखपेड़ाबाग (भाग संख्या 435 से 439) का स्थलीय निरीक्षण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त आवेदनों, मतदाता सूची के अद्यतन कार्य एवं हेल्प डेस्क के माध्यम से दी जा रही सहायता की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए। उन्होंने अधिक से अधिक फार्म-6 भरवाने, प्राप्त प्रपत्रों के समयबद्ध परीक्षण तथा लॉजिकल डिस्क्रिपेन्सी नोटिसों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर दिया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी निरंकार सिंह ने भी बाराबंकी एवं जैदपुर विधानसभा क्षेत्रों के विभिन्न बूथों का निरीक्षण कर बीएलओ को अधिक से अधिक आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। इसी क्रम में सभी विधानसभाओं के ईआरओ, एईआरओ एवं जनपद स्तरीय अधिकारियों ने बूथों का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
