अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यूपी होमगार्ड परीक्षा : पहले दिन 1567 ने छोड़ी परीक्षा, दूसरी पाली में अनुपस्थित रहे 783
अयोध्या, अमृत विचार । उप्र. होमगार्ड भर्ती की तीन दिवसीय लिखित परीक्षा शनिवार को अयोध्या में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें अनुपस्थिति की संख्या करीब 1567 रही। प्रथम दिन प्रत्येक पालियों में 4032 अभ्यर्थियों को परीक्षा देनी थी।
प्रथम पाली में 3248 उपस्थित रहे जबकि 784 अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 3248 ने परीक्षा दी जबकि 784 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोनों पालियों को मिलाकर उपस्थित का प्रतिशत 80.57 रहा। होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की कड़ी चेकिंग की गई।
मेटल डिटेक्टर, फ्रिस्किंग और बैग चेकिंग के बाद ही उम्मीदवारों को अंदर प्रवेश मिला। मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और किसी भी प्रकार के लिखित सामग्री ले जाना सख्ती से वर्जित था। परीक्षा के दौरान डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी समेत अन्य नोडल अधिकारियों ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुविधा और नकल रोकथाम के इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, स्टेशनरी ड्यूटी और फ्लाइंग स्क्वॉड की गतिविधियों की समीक्षा की। परीक्षा के प्रथम दिन किसी भी किसी अनियमितता की सूचना नहीं मिली।
एसएसपी के अनुसार परीक्षा 26 और 27 को भी पालियों में चलेगी। अयोध्या जिले के 10 परीक्षा केंद्रों पर 24,182 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना है। परीक्षा को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरी परीक्षा सीसीटीवी की निगरानी में हो रही है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
जो पैटर्न समझा था, वैसा ही पेपर आया
मनोहरलाल इंटर कॉलेज पर परीक्षा देने आए अंबेडकरनगर निवासी सुरजीत मौर्या ने बताया कि मॉक टेस्ट और पिछले साल के पेपर से जो पैटर्न समझा था, वैसा ही पेपर आया। जीके के प्रश्न सीधे-सीधे थे। समय भी पर्याप्त मिला। कुल मिलाकर 80-85 प्रतिशत प्रश्न तैयारी से कवर हो गए।
दो महीने से नियमित प्रैक्टिस की थी
-बाराबंकी से आईं सरवर जहां ने बताया कि हिंदी और सामान्य ज्ञान आसान थे। करंट अफेयर्स के कुछ प्रश्न आए, जो रोज अखबार पढ़ने वालों के लिए आसान थे। मैंने दो महीने से नियमित प्रैक्टिस की थी, इसलिए पेपर अच्छा लगा।
पेपर मीडियम लेवल का था
अंबेडकरनगर के अरविंद कुमार ने बताया कि पेपर मीडियम लेवल का था। गणित और रीजनिंग में कुछ नए टाइप के प्रश्न थे, लेकिन बेसिक कॉन्सेप्ट से सॉल्व हो गए। तैयारी अच्छी थी तो घबराहट नहीं हुई। समय प्रबंधन भी ठीक रहा।
यूपी स्पेशल जीके मजबूत था
बाराबंकी की निशा देवी ने बताया कि अधिकतर प्रश्न स्टैंडर्ड थे, जो कोचिंग और ऑनलाइन मॉक से आते हैं। यूपी स्पेशल जीके मजबूत था। कुल 100 प्रश्नों में 70-75 अच्छे से हो गए। बाकी रिवीजन से सुधार सकता था।
