UP:जन आक्रोश महिला सम्मेलन में विपक्ष पर तीखे हमले, पदयात्रा निकाल पुतला फूंका

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। जन आक्रोश महिला सम्मेलन में प्रदेश सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल महिलाओं के सशक्तिकरण से घबराते हैं और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी को बढ़ते हुए नहीं देखना चाहते। सम्मेलन के बाद भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की अगुआई में अल्पसंख्यक कल्याण राज्य मंत्री ने पद यात्रा निकाली। इस दौरान महिलाओं के हाथों में राहुल गांधी और अखिलेश यादव के पुतले थे। साथ ही नारी शक्ति का यह अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान के नारे लगाए जा रहे थे। कलक्ट्रेट गेट पर दोनों नेताओं के पुतले जलाए गए।

इससे पहले जिला सहकारी बैंक के सभागार में महिला सम्मेलन में राज्य मंत्री ने कहा कि संसद में पेश नारी शक्ति वंदन अधिनियम को पारित न होने देना विपक्ष की सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और सपा ने इस ऐतिहासिक बिल का विरोध कर महिलाओं के अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास किया है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट विजन है कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब महिलाएं सशक्त और निर्णय प्रक्रिया में सहभागी हों। 

महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने वाला यह बिल देश के लोकतांत्रिक ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम था, लेकिन विपक्ष के रवैये ने उनके असली इरादों को उजागर कर दिया। मंत्री ने दावा किया कि देशभर में महिलाएं इस मुद्दे को लेकर आक्रोशित हैं और आने वाले समय में इसका राजनीतिक जवाब भी देंगी। सम्मेलन में श्रीनगर विधायक मंजू त्यागी ने भी विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिलाओं ने अब सब कुछ समझ लिया है। कहा कि समय आने पर महिलाएं अपने अधिकारों के खिलाफ खड़े होने वालों को करारा जवाब देंगी। 

पालिकाध्यक्ष डॉ. इरा श्रीवास्तव, जिला संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष आशू मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख दिव्या सिंह, मैलानी नगर पंचायत अध्यक्ष कीर्ति महेश्वरी, जिला उपाध्यक्ष किरण अग्रवाल और संतोष कुमारी सहित कई नेताओं ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री संगीता पुरी ने किया, जबकि अध्यक्षता महिला मोर्चा अध्यक्ष मंजू लता श्रीवास्तव ने की। सम्मेलन के बाद महिलाओं की अगुआई में जन आक्रोश रैली निकाली गई, जो जिला सहकारी बैंक से शुरू होकर पदयात्रा के रूप में कलेक्ट्रेट गेट तक पहुंची। कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों ने विपक्षी नेताओं के पुतले फूंके और जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष राम पांडे, जिला मंत्री शरद मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष राजेश सिंह और अशोक अवस्थी सहित कई कार्यकर्ताओं का योगदान रहा।

संबंधित समाचार