ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़,एक घायल... दूसरा गिरफ्तार
ग्रेटर नोएडाः उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर परिक्षेत्र ग्रेटर नोएडा रबूपुरा थाना पुलिस और दो संदिग्ध बदमाशों के बीच कल देर रात करौली अंडरपास के पास हुयी मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया और एक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
उन्होंने बताया कि पुलिस इंटेलीजेंस व गोपनीय सूचना के आधार पर क्षेत्र में सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन उन्होंने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया। उसकी पहचान सलमान पुत्र बुखारी, निवासी मोहल्ला आरापुरी, थाना कैराना, जनपद शामली के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
घटना के बाद पुलिस ने कॉम्बिंग अभियान चलाकर उसके दूसरे साथी असलम पुत्र अकबर, निवासी ग्राम रोहिन्दा, थाना अरनिया, जनपद बुलंदशहर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से गौवंश हत्या में इस्तेमाल किये जाने वाले उपकरण दो रस्सी, दो चाकू, एक सिरिंज, एक इंजेक्शन की शीशी, दो खाली प्लास्टिक के कट्टे, अवैध तमंचे कारतूस और बिना नंबर प्लेट की चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गयी है।
उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी शातिर किस्म के अपराधी हैं और थाना रबूपुरा में दर्ज मुकदमा गौवध निवारण अधिनियम में वांछित चल रहे थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
