CBSE की 10 वीं की बोर्ड परीक्षा आज से, पहले दिन होगा मैथ्स का एग्जाम
अयोध्या, अमृत विचार: सीबीएसई 10 वीं की बोर्ड परीक्षा गणित विषय के साथ मंगलवार से शुरू हो रही है। सीबीएसई के जिला को-आर्डिनेटर व महाराजा पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य अजीत कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। सीबीएसई 10 वीं की बोर्ड परीक्षा मंगलवार को जिले के 13 परीक्षा केन्द्रों पर आयोजित होगी। पहले दिन गणित विषय में बेसिक मैथ्स व स्टैंडर्ड मैथ्स की परीक्षा होगी। इसमें जिले के 56 विद्यालयों के लगभग 4600 छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे।
सीसीटीवी की नजर में आयोजित नकल विहीन परीक्षा के लिए फ्लाइंग स्क्वायड होंगे, जो परीक्षा के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर निरीक्षण करेंगे। सुबह 10:30 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए परीक्षार्थी को हर हाल में 10 बजे तक परीक्षा भवन में प्रवेश करना अनिवार्य होगा। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थी अपना स्कूल परिचय पत्र, परीक्षा एडमिट कार्ड, पारदर्शी पेन, पाउच व वाटर बॉटल के साथ समय से पूर्व परीक्षा केन्द्र पहुंचे।
