यूपी के 74 जिलों में मेगा विधिक सेवा शिविर, 24.56 लाख से अधिक लाभार्थी लाभान्वित
लखनऊ, अमृत विचार : प्रदेश के 74 जिलों में शनिवार को लगाए गए मेगा-वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविरों में 24,56,857 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ मिला। यह आयोजन नेशनल लीगल सर्विसेस अर्थारिटी और उप्र. स्टेट लीगल सर्विसेस अथार्रिटी के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।
मुख्य न्यायाधीश, उच्चतम न्यायालय एवं नालसा के मुख्य संरक्षक सूर्यकांत, न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, इलाहाबाद उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश अरून भंसाली तथा न्यायमूर्ति महेश चंद्र त्रिपाठी के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से यह महाअभियान चलाया गया।
शिविरों में समाज कल्याण, महिला कल्याण, पंचायती राज, आवास, बिजली, चिकित्सा, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के समन्वय से निर्बल वर्ग, दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, श्रमिक, अनुसूचित जाति व जनजाति के पात्र व्यक्तियों को एक ही स्थान पर योजनाओं का लाभ दिया गया। साथ ही संवैधानिक व विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक भी किया गया।
प्रदेश विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव संतोष कुमार द्वितीय ने बताया कि कई जनपदों में उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तियों की उपस्थिति रही। सदस्य सचिव डॉ. मनु कालिया ने आयोजन में सहयोग के लिए न्यायिक व प्रशासनिक अधिकारियों का आभार जताया।
