वाराणसी कचहरी में बम धमकी से मचा हड़कंप, पुलिस ने चलाया सर्च ऑपरेशन, बम निरोधक दस्ता मौजूद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के कई स्थानों के साथ-साथ वाराणसी कचहरी को शुक्रवार को बम से उड़ाने की धमकी ई-मेल के माध्यम से मिली थी। सोमवार को कचहरी परिसर खुलते ही उच्चाधिकारी, सेंट्रल बार एवं बनारस बार के पदाधिकारी, कई थानों की फोर्स, उत्तर प्रदेश प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलरी (पीएसी), बम निरोधक दस्ता (बम स्क्वॉड) तथा डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर चेकिंग के लिए मौजूद है।

चेकिंग के दौरान टीम द्वारा जजों एवं अधिवक्ताओं के चैंबरों की सघन जांच की जा रही है। सभी से अपील की जा रही है कि यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए। लोगों से खुद सतर्क रहने तथा सहयोगियों को भी सतर्क रखने की अपील की जा रही है। सहायक पुलिस आयुक्त नितिन तनेजा ने बताया कि धमकी भरा ई-मेल शुक्रवार को प्राप्त हुआ था, जिसकी जांच जारी है। 

इसी क्रम में आज भी फोर्स के साथ कचहरी परिसर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। हर प्रवेश द्वार पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (डीएफएमडी) लगाए गए हैं तथा पुलिसकर्मियों के पास हैंड हेल्ड मेटल डिटेक्टर उपलब्ध हैं। अंदर प्रवेश करने वाले हर व्यक्ति की गहन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। 

संबंधित समाचार