हास्य कवि सम्मेलन : सुनो गौर से पंजे वालों, फिर भी तुम में होगी खींचातानी
बरेली, अमृत विचार। सेंट्रल यूपी चैंबर्स ऑफ कॉमर्स और इंडस्ट्री सोसाइटी की ओर से रविवार की रात सीबीगंज स्थित एक होटल में हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस दौरान कवियों ने नेताओं पर व्यंग्य सुनाकर श्रोताओं को गुदगुदाया।
कवियों ने जब मंच से कविताएं सुनानी शुरू कीं तो पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। डॉ. आदित्य जैन ने जलवा है जलवा, भारत की सेना का जलवा, सुनो गौर से पंजे वालों, खरगे जी की कस्में खा लो, चाहे जितना जोर लगा, फिर भी तुम में होगी खींचातानी... आदि कविता सुनाकर समा बांध दिया।
कवयित्री शिल्पी सक्सेना ने कहा- तन कर खड़े हुए हिमालय की तरह कट गए सर मगर झुके नहीं, राष्ट्र हित का नया सूरज वन कर रहे। इसी तरह हास्य कवि गौरव चौहान, डॉ. मोनिका अग्रवाल आदि ने भी अपनी अपनी कविता सुनाकर सभी को झूमने पर विवश कर दिया।
इससे पूर्व हास्य कवि सम्मेलन का शुभारंभ वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ अरुण कुमार, बिथरी विधायक डॉ राघवेंद्र शर्मा, मीरगंज के विधायक डॉ. डीसी वर्मा, बरेली इंटरनेशनल यूनिवर्सिटी के कुलाधिपति डॉ. केशव अग्रवाल, चैंबर के अध्यक्ष राजेश गुप्ता व सचिव डॉ. प्रमेंद्र माहेश्वरी ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
हास्य कवि सम्मेलन में मुख्य रूप से कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी वर्मा, आदित्य मूर्ति, केबी अग्रवाल, व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता, वरुण गुप्ता, प्रकाश चंद्र गुप्ता, सुधीर गुप्ता, दिनेश सिंह आदि बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे। हास्य कवि सम्मेलन देर रात तक चलता रहा। हल्की सर्दी में भी लोग कवियों को सुनने के लिए बैठे रहे।
