‘ट्रिपल T’ की त्रिवेणी की बनकर उभरा UP: विधान परिषद में बोले सीएम योगी- डबल इंजन सरकार में यूपी बना 'बीमारू' से 'ब्रेकथ्रू स्टेट'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधान परिषद में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने प्रदेश में हुए बदलाव को रेखांकित करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश ने "कर्फ्यू से कानून, उपद्रव से उत्सव, समस्या से समाधान और अविश्वास से आत्मविश्वास" की यात्रा तय की है। 

विधान परिषद में बोलते हुए कहा कि वह सभापति महोदय के आभारी हैं जिन्होंने उन्हें माननीय राज्यपाल के अभिभाषण पर अपने विचार रखने का अवसर दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सभी पक्षों को मिलाकर लगभग 51 सदस्यों ने अपने सुझावों से चर्चा को आगे बढ़ाने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण शासन की उपलब्धियों और भावी योजनाओं का दस्तावेज होता है, जो सरकार की नीतियों और दिशा को स्पष्ट करता है। 

सीएम योगी ने मुख्य प्रतिपक्ष के व्यवहार को अशोभनीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि राज्यपाल प्रदेश की संवैधानिक प्रमुख होती हैं और उनके प्रति असम्मानजनक आचरण लोकतंत्र को कमजोर करता है। उन्होंने इसे अवमानना के दायरे में आने वाला व्यवहार बताया। उन्होंने कहा, "जिस प्रकार का प्रतिपक्ष है, उससे संवैधानिक प्रमुख के सम्मान की अपेक्षा करना भी बेवकूफी होगी।" 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्यपाल का अभिभाषण सरकार के पिछले आठ-नौ वर्षों की उपलब्धियों का प्रतिबिंब है। मुख्यमंत्री योगी ने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने प्रदेश को अराजकता और अव्यवस्था का गढ़ बना दिया था। लेकिन डबल इंजन सरकार की स्पष्ट नीति, साफ नीयत और सुशासन की प्रतिबद्धता के कारण उत्तर प्रदेश 'बीमारू' से 'ब्रेकथ्रू स्टेट' बना है। 

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश नई ऊंचाइयों को छू रहा है और दिल्ली में दुनिया का सबसे बड़ा एआई समिट आयोजित हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब ट्रस्ट, टेक्नोलॉजी और ट्रांसफॉर्मेशन-ट्रिपल टी" की त्रिवेणी बन चुका है। डबल इंजन सरकार ने प्रदेश को निवेश के लिए बेहतरीन गंतव्य बनाया है। 

उन्होंने 2017 से पहले की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय गुंडे और माफिया समानांतर सरकार चला रहे थे। वन डिस्ट्रिक्ट, वन माफिया" की स्थिति थी और प्रदेश की छवि अराजकता व अस्थिरता का पर्याय बन गई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज कानून-व्यवस्था में सुधार, निवेश में वृद्धि और सुशासन की स्थापना के कारण उत्तर प्रदेश नई पहचान के साथ आगे बढ़ रहा है।  

संबंधित समाचार