बरेली-सितारगंज फोरलेन : भूमि अर्जन कर किसानों को 2.38 अरब रुपये बांटे
बरेली, अमृत विचार। बरेली-सितारगंज फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना में भूमि अर्जन की प्रक्रिया पूरी होने वाली है। तहसील सदर और नवाबगंज तहसीलों के 20 गांवों के हजारों किसानों की भूमि अर्जन कर उन्हें 2.38 अरब रुपये की धनराशि बांटी जा चुकी है। 5.16 करोड़ की धनराशि बंटना अवशेष है। भूमि अर्जन के साथ सड़क चौड़ीकरण का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
तीन दिन पहले जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्टाफ मीटिंग कर जिले में बड़ी निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति भी जानी थी। मीटिंग में विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी देश दीपक सिंह की ओर से बरेली-सितारगंज फोरलेन चौड़ीकरण परियोजना की रिपोर्ट प्रस्तुत कर बताया गया था कि राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 74 (नया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 30) का बरेली से सितारगंज तक चौड़ीकरण होना है।
इसमें जनपद की तहसील सदर व नवाबगंज के कुल 20 गांवों की 74.3649 हेक्टेयर भूमि चयनित की गयी। भूमि अर्जन करने के साथ एनएचएआई ने पहले धारा-ए की कार्यवाही कर भूमि चयनित की। उसके बाद 3 डी करायी गयी। परियोजना का आकलन कर आगणन एनएचएआई मुख्यालय भेजा गया। 2 अरब 43 करोड़ 12 लाख से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गयी। भूमि अर्जन कर किसानों को 19 अगस्त 2025 तक 2 अरब 38 करोड़ 96 लाख से अधिक की धनराशि बांटी जा चुकी है।
रिपोर्ट में बताया कि तहसील सदर व नवाबगंज के कुछ किसानों की भूमि अर्जन शेष है। अभी 5 करोड़ 16 लाख 47 हजार 578 रुपये बंटना अवशेष है। शेष भूमि अर्जन की कवायद चल रही है। दरअसल, पिछले साल एनएचएआई के सदस्य एडमिन विशाल चौहान के निरीक्षण करने के बाद कार्यदायी संस्था और एनएचएआई के अफसरों ने फोरलेन चौड़ीकरण समेत अन्य कार्यों को गति दी। इसके बाद नवाबगंज, रिठौरा सहित कई क्षेत्रों में एकसाथ कार्य कराया जा रहा है। तहसील सदर और नवाबगंज सीमा क्षेत्र में काफी कार्य कराया जा चुका है। रिठौरा में सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है।
बीडीए ने बैरियर से बड़ा बाईपास तक सड़क चौड़ीकरण शुरू किया
बरेली: बरेली विकास प्राधिकरण पीलीभीत रोड पर बैरियर से लेकर बड़ा बाईपास तक सड़क का चौड़ीकरण करा रहा है। सिक्सलेन सड़क बना रहा है। सड़क चौड़ीकरण के लिए बीडीए के ठेकेदार सड़क के दोनों ओर सड़क खोदाई कर लेबलिंग करा रहे हैं। चौड़ीकरण के बाद एयरपोर्ट आने-जाने वालों को बड़ी सहूलियत मिलेगी। इस साल तक चौड़ीकरण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। मुड़िया अहमदनगर और चावड़ आदि गांवों क्षेत्र में कार्य हो रहा है।
बरेली-बदायूं फोरलेन के लिए भूमि अर्जन कर बांटे 72.33 करोड़
विशेष भूमि अध्याप्ति अधिकारी कार्यालय के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 530-बी बरेली-बदायूं काे फोरलेन किया जा रहा है। चौड़ीकरण कार्य के लिए तहसील सदर से लेकर आंवला तक कुल 18 गांवों की 29.3368 हेक्टेयर भूमि अर्जन की जानी है। एनएचएआई ने धारा-ए की कार्यवाही के बाद 3 डी करायी। इसके बाद गांवों का अवार्ड घोषित कर भूमि अर्जन की कार्यवाही शुरू की। एनएचएआई बदायूं के पीडी ने अवार्ड घोषित होने के बाद इन गांवों के किसानों की भूमि अर्जन के लिए 122.93 करोड़ रुपये की स्वीकृत करायी। अब तक 72.33 करोड़ रुपये से भूमि अर्जन कर भूमि राशि पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी है। भूमि अर्जन की कार्रवाई इसी पोर्टल के जरिए की जा रही है।
