Bareilly: सपा सांसद नीरज मौर्य बोले...आम लोगों के मुद्दों पर प्रदेश की सरकार गंभीर नहीं
बरेली, अमृत विचार। सपा से आंवला सांसद नीरज मौर्य ने प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की योगी सरकार जनता के मुद्दों को लेकर गंभीर नहीं। उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री या केंद्र के किसी मंत्री को को अपने संसदीय क्षेत्र की किसी समस्या के बारे में लिखते हैं तो उनके जवाब आते हैं। लेकिन राज्य की सरकार किसी पत्र का जवाब नहीं देती। जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि योगी सरकार जनता के मुद्दों को लेकर कितनी गंभीर है।
उन्होंने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश को एम्स मिले ये अपने आप में एक बड़ा काम होगा। उन्होंने एम्स की मांग सदन में उठाई है। प्रदेश सरकार के मंत्री कहते हैं कि वह भी प्रयास कर रहे हैं। समझ नहीं आता कि डबल इंजन सरकार होने के बावजूद उनको एम्स के लिए प्रयास करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बरेली में मेडिकल केयर सेंटर बनना था, लेकिन प्रदेश सरकार ने जमीन की व्यवस्था नहीं की और एक बड़ी स्वास्थ्य की यूनिट बरेली से छिन गई ये बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।
सरकार की बुलडोजर नीति को लेकर कहा कि इसको सुप्रीम कोर्ट ने भी खारिज किया था। अगर कहीं गलत हो भी रहा है तो नियम के अनुसार पहले नोटिस जाना चाहिए फिर उसका जवाब आना चाहिए, न्याय की यही प्रक्रिया है। अगर ऐसा नहीं हो रहा तो ये सरासर तानाशाही है। यूजीसी कानून को लेकर कहा कि सरकार ने लागू किया था, सुप्रीम कोर्ट ने इस पर रोक लगा दी। सरकार ने किस मंशा से लागू किया था ये बड़ा सवाल है।
एसआईआर को लेकर उन्होंने कहा कि एक देश और एक वोटर लिस्ट होनी चाहिए। लेकिन फिलहाल की स्थिति में पंचायत की अलग है, नगर पालिका की अलग है विधानसभा की अलग है। अगर ये सभी सूचियां एक हो जाएं तो बड़ी समस्या हल हो जाएगी।
