Bada Mangal 2026: ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर लखनऊ में भंडारों का आयोजन, 'कही बटी इमरती तो कही ठंडा पानी'

Amrit Vichar Network
Edited By Anjali Singh
On

अमृत विचार : ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगलवार पर लखनऊ में भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। नाका कोतवाली के समीप जस्ट मां के भंडारे में श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी, छोले चावल समेत इमरती रूपी प्रसाद को वितरण किया गया। इस बार पिछले दिनों की तुलना में चौथे बड़े मंगल पर अधिक संख्या में भंडारों का आयोजन किया गया। वही लखनऊ शहर की प्रमुख सड़कों, चौराहों और मंदिरों के आसपास श्रद्धालुओं ने शरबत, पानी, पूड़ी-सब्जी, हलवा और प्रसाद वितरण के भंडारे लगाए।

भीषण गर्मी में भी नहीं रुका भक्ति का भाव 

Untitled design (25)

इन दिनों भीषण गर्मी के साथ नौतपा भी चल रहा है लेकिन बावजूद इसके लोग पूरे उत्साह के साथ भंडारे में लगे हुए है। इतना ही नहीं जगह-जगह भंडारे में ठंडे पानी का भी वितरण किया जा रहा है।

Untitled design (26)

इसके साथ राजधानी में भक्ति और सेवा के साथ सांस्कृतिक और धार्मिक परंपरा को जीवंत करता नजर आ रहा है । कई जगहों पर भजन कीर्तन और सुंदरकांड का पाठ भी भक्त जान कर रहे है, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया है। 

गुडम्बा एवं भरतनगर के युवाओं द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन 

ज्येष्ठ माह के चौथे मंगलवार के पावन अवसर पर गुडम्बा एवं भरतनगर क्षेत्र के युवाओं द्वारा जानकीपुरम दुबे जी चौराहे पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया।

Untitled design (38)

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं राहगीरों ने प्रसाद ग्रहण किया। दोपहर 1 बजे से प्रारंभ हुआ भंडारा देर शाम 8 बजे तक चलता रहा।

Untitled design (40)

इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और आयोजन में सहभागिता निभाई।।भंडारे के दौरान युवाओं ने सेवा भावना के साथ श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

Untitled design (39)

आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा और हनुमान जी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। स्थानीय लोगों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एवं धार्मिक एकता का प्रतीक बताया।

डॉ. अखिलेश दास गुप्ता फाउण्डेशन ने ऐशबाग में लगाया भंडारा

डॉ. अखिलेश दास गुप्ता फाउण्डेशन ने ऐशबाग रोड पर पुलिस चौकी के सामने भंडारा कराया। बीबीडी ग्रुप एवं डॉ. अखिलेश दास गुप्ता फाउंडेशन के अध्यक्ष, बैडमिन्टन एसोसिएशन ऑफ इंडिया के वाइस प्रेसिडेंट, चेयरमैन उत्तर प्रदेश बैडमिन्टन एसोसिएशन व यूपी ओलम्पिक संघ के अध्यक्ष विराज सागर दास ने प्रसाद वितरण किया। विराज ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न सिर्फ मन को शांति मिलती है बल्कि धर्म के प्रति आस्था और अधिक प्रगाढ़ होती है। इस पावन माह में लोगों को प्रसाद वितरण कर बहुत खुशी मिलती है साथ ही यह पुण्य कमाने का कार्य है।बीबीडी ग्रुप की चेयरपर्सन अलका दास, देवांशी दास एवं सोनाक्षी दास, राजेन्द्र नगर के पार्षद राजेश दीक्षित और सात्विक दीक्षित मौजूद रहे।

चौथे बड़े मंगल पर भक्तिमय हुई राजधानी

राजधानी में चौथे बड़े मंगल पर भक्ति, सेवा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर चार बजे से ही हनुमान मंदिरों में घंटे-घड़ियाल और जयकारों की गूंज शुरू हो गई। भीषण गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। सुबह से ही शहर के प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने बजरंगबली के दर्शन कर सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूरे शहर में जय श्रीराम और बजरंगबली की जय के उद्घोष सुनाई देते रहे।

मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, देर रात तक चले भंडारे

हनुमान सेतु मंदिर, अलीगंज प्राचीन हनुमान मंदिर, दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर, पंचमुखी हनुमान मंदिर, हनुमंत धाम, पुराना हनुमान मंदिर, गुलाचीन मंदिर, लेटे हुए हनुमान मंदिर, अमीनाबाद हनुमान मंदिर और बालाजी मंदिर समेत कई मंदिरों पर सुबह से श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसरों को फूलों और रंग-बिरंगी रोशनी से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। हनुमान सेतु मंदिर में श्रद्धालुओं को गर्मी से राहत देने के लिए बड़े कूलर और फव्वारे वाले पंखों की व्यवस्था की गई। मंदिरों में सामूहिक रूप से सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ हुआ, जिसके बाद विशाल भंडारों का आयोजन किया गया। शहरभर में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने प्रसाद वितरण और सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। देर रात तक भंडारों में लोगों की भीड़ जुटी रही और पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। 

शिप्रा पाठक ने बांटे 11,500 तुलसी के पौधे

चौथे बड़े मंगल पर वाटर वूमेन शिप्रा पाठक और पंचतत्व संस्था ने हरित अभियान चलाया गया। इसमें तुलसी के पौधे और हरे पत्तल वितरित किया गया। शिप्रा ने एनबीआरआई परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नौ प्रकार की तुलसी के 11,500 पौधे वितरित किए। इसके अलावा पंचतत्व संस्था ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 15 हजार हरे पत्तलों का वितरण किया। इन पत्तलों का उद्देश्य प्लास्टिक और थर्मोकोल जैसी पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली वस्तुओं के उपयोग को कम करना है। शिप्रा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुका है। उन्होंने कहा कि पंचतत्व संस्था के साथ मिलकर लखनऊ की कई छोटी-छोटी संस्थाएं भी इस अभियान से जुड़कर काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि लखनऊ को प्लास्टिक मुक्त बनाने का अभियान लगातार जारी रहेगा और आगामी बड़े मंगल पर भी योजनाबद्ध तरीके से इस मुहिम को आगे बढ़ाया जाएगा।

सीएसआईआर-एनबीआरआई में बांटे तुलसी के पौधे

Untitled design (72)

सीएसआईआर-राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान ने बड़े मंगल पर भंडारे का आयोजन किया। इस दौरान श्रद्धालुओं काे तुलसी के पौधे भी बांटे गए। मुख्य अतिथि वाटर वुमेन ऑफ इंडिया पर्यावरण संरक्षक शिप्रा पाठक ने पौधे भेंटकर लोगों को पर्यावरण संरक्षण, औषधीय पौधों के महत्व तथा हरित जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया। डॉ. एके शासनी, निदेशक, समाजसेविका डॉ. सरिता सतपथी ने भी विचार रखे। धनवंतरी सेवा न्यास व श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के सहयोग से ओआरएस पेय का वितरण भी किया गया। निदेशक डॉ. एके शासनी ने कहा कि तुलसी हमें प्रकृति के संरक्षण तथा जनकल्याण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का स्मरण कराती है।

न्यू मेडिसिन मार्केट में बांटी आइसक्रीम

न्यू मेडिसिन मार्केट अमीनाबाद में चौथे बड़े मंगल पर भंडारे में आईक्रीन व अन्य तरह के प्रसाद क वितरण किया गया। इसमें सीएम दुबे, प्रदीप जैन, सुनीत कपूर, सुदीप दुबे, राजीव शर्मा, जीतेन्द्र सेठी, अमित गुलाटी, तरुण मिश्रा, सुभाष शर्मा और टोनी जैन की मौजूद रहे रही।

स्कॉलर्स होम ने बड़े मंगल पर किया भंडारा

Untitled design (73)

गोमती नगर स्थित स्कॉलर्स होम की ओर से भी भंडारा कराया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विद्यालय की निदेशक सरिता जायसवाल, प्रधानाचार्य अनुपम सिंह सहित विद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों ने भी अपनी सहभागिता निभाई। अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा कि इस प्रकार के सामाजिक एवं धार्मिक आयोजन समाज में सेवा, सहयोग तथा एकता की भावना को सुदृढ़ करते हैं।

गर्मी कम करने के लिए हनुमान जी से प्रार्थना

ज्येष्ठ माह के चौथे बड़े मंगल पर भक्तों ने लेटे हनुमान जी को ख़स के शरबत का भोग लगाकर गर्मी कम करने की प्रार्थना की। इस दौरान भंडारे में पूड़ी, सब्जी, हलुवा के साथ-साथ ओआरएस घोल का वितरण किया गया।

सुबह 5 बजे मंगला आरती के बाद हनुमान जी को सिंदूर का चोला चढ़ाया गया। इसके बाद भक्तों ने श्रृंगार किया। मंदिर के मुख्य सेवादार डॉ. विवेक तांगड़ी ने आरती उतारी। शाम को हनुमान कथा का आयोजन किया गया। इसके बाद ठंडा लाहौरी जीरा का वितरण किया गया। सेवा में मुख्य रूप से डॉ. पंकज सिंह भदोरिया, रिद्धि किशोर गौड़, आशीष अग्रवाल, सुरेन्द्र, अखिलेश कुमार, अजय मेहरोत्रा और प्रहलाद अग्रवाल मौजूद रहे।

अर्थ सिटी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी ने बांटा प्रसाद

Untitled design (75)

अर्थ सिटी रेजिडेंट्स वेलफेयर सोसायटी की ओर से सदरौना रोड स्थित मुजफ्फरखेड़ा चौराहे के पास बड़े मंगल पर भंडारे का आयोजन किया गया। सोसायटी के अध्यक्ष गिरीश चंद्र वाधवा ने कहा कि भीषण गर्मी में सेवा भाव से किया गया यह आयोजन समाज में एकता और सहयोग का संदेश देता है। महासचिव प्रतीक प्रधान ने सोसायटी को आदर्श बनाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में अभिषेक कुमार गुप्ता, सुभाष चंद्र मौर्य, आदर्श द्विवेदी समेत कई पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

अजय राय ने किया सुंदरकांड का पाठ

लखनऊ: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को सुंदरकांड पाठ और भंडारे का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भगवान हनुमान जी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने सुंदरकांड पाठ भी किया।

Untitled design (76)

इसके बाद भंडारे में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। राय ने कहा कि बड़े मंगल की धार्मिक परंपरा समाज में सेवा, समर्पण और सद्भाव का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों में सभी वर्गों के साथ सहभागिता निभाती रही है।

Untitled design (77)

ऐसे आयोजनों से समाज में भाईचारा बढ़ता है और लोगों की आस्था मजबूत होती है। प्रदेश अध्यक्ष ने गंगा दशहरा के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना की। कार्यक्रम में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पदाधिकारी मौजूद रहे।

केजीएमयू में कुलपति ने बांटा प्रसाद

केजीएमयू में कर्मचारी परिषद के महामंत्री अनिल कुमार के नेतृत्व में भंडारा कराया गया।इसमें कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुरेश कुमार, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उत्तर प्रदेश के महामंत्री अतुल मिश्रा सहित कई अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। भंडारे में बड़ी संख्या में मरीजों, तीमारदारों, कर्मचारियों, छात्रों और आमजन ने प्रसाद ग्रहण किया। महामंत्री ने सभी अतिथियों, कर्मचारियों और सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी कर्मचारी परिषद समाजहित और कर्मचारी हित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी।

लविवि में चार विभागों ने कराया भंडारा

Untitled design (74)

लखनऊ विश्वविद्यालय में डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर, प्राणी विज्ञान विभाग तथा ईआईएसीपी-पीसी-आरपी, इंस्टीट्यूट ऑफ वाइल्डलाइफ साइंसेज के तत्वावधान में भंडारा कराया गया। शुभारंभ प्रोफेसर अमिता कनौजिया एवं डॉ. भावना मिश्रा ने किया। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। पूर्व प्राध्यापक प्रो. पद्मा सक्सेना, प्रो. यू. डी. शर्मा, प्रो. मोनिशा बनर्जी, प्रो. गीतांजलि मिश्रा, प्रॉक्टर प्रो. राकेश द्विवेदी, जैव रसायन विभाग के प्रो. सुधीर मेहरोत्रा, रसायन विभाग के प्रो. अनिल मिश्रा, डॉ. राजेन्द्र वर्मा एवं डॉ. विनीत वर्मा, डॉ. श्यामलेश, डॉ. कल्पना सिंह, डॉ. अमित त्रिपाठी, डॉ. सुचित स्वरूप, डॉ. राजेश खरवार, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. मधु गुप्ता, डॉ. नितीश राय एवं डॉ. निधि द्विवेदी उपस्थिति रहे।

बड़े मंगल पर बांटी पूड़ी सब्जी

बड़े मंगलवार को विजय शुक्ला ने भंडारा कराया। हनुमान जी की वंदना के बाद प्रभु को भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को पूड़ी और सब्जी का प्रसाद वितरण किया गया। अन्य स्थानों पर भी भंडारे आयाेजित किए गए।

पत्रकारों को भेंट की हनुमानजी की प्रतिमा

माल में व्यापारियों ने भंडारा और पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किया। इसमें पत्रकारों को हनुमान जी की प्रतिमा व अंगवस्त्र भेंट किए गए। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। आंनद कुमार सिंह,गोपाल गुप्ता, गुड्डू द्विवेदी, आशुतोष चौरसिया, उत्तम त्रिपाठी शुभम गुप्ता, महिपाल यादव,राजेश रस्तोगी,शोभित सोनी,योगेंद्र तिवारी, मो स्माइल,सन्तोष गुप्ता,दिनेश सिंह मामा शामिल रहे।

बड़े मंगल पर भंडारे का आयोजन

ज्येष्ठ मास के चौथे 'बड़े मंगल' के अवसर पर अवध विश्वविद्यालय के द्वारा विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कुलपति डॉ. बिजेंद्र सिंह द्वारा पूजन-अर्चन किया गया। वित्त अधिकारी पूर्णेन्दु शुक्ल, कुलसचिव विनय कुमार सिंह, प्रो. एसएस मिश्र, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. नीलम पाठक समेत बड़ी संख्या में मौजूद शिक्षकों ने प्रसाद वितरित किया।

साकेतपुरी में बांटा प्रसाद

ज्येष्ठ माह के पावन बड़े मंगल के अवसर पर साकेतपुरी में विशाल भंडारे एवं दिव्य प्रसाद वितरण का आयोजन श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। शैलेंद्र मोहन मिश्रा, धीरज राजपाल, नितिन अग्रवाल, प्रवीण जायसवाल, रोहित गुप्ता आदि ने श्रद्धालुओं को पूड़ी, सब्जी एवं दिव्य प्रसाद वितरित किया।

ये भी पढ़ें  : 
भदोही में कांस्टेबल से ठगी, सर्राफा कारोबारी पर लाखो के जेवर हड़पने का आरोप,  मुकदमा दर्ज

संबंधित समाचार