उमेश पाल हत्याकांड के फरार शूटरों पर एक और मुकदमा दर्ज, जानें क्या पूरा मामला
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड के फरार शूटरों के विरुद्ध सोमवार को एक और मुकदमा दर्ज किया गया। पांच-पांच लाख रुपये के इनामी शूटर गुड्डू मुस्लिम उर्फ गुड्डू बमबाज, अरमान और साबिर के खिलाफ एयरपोर्ट थाने में अदालत की अवमानना से संबंधित मामला दर्ज किया गया है।
एयरपोर्ट थाना प्रभारी विजय कुमार सिंह ने स्वयं वादी बनकर प्राथमिकी दर्ज कराई। उनके अनुसार न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी होने और उद्घोषणा की कार्रवाई के बावजूद आरोपित न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं कर रहे हैं, जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुड्डू मुस्लिम निवासी चकनिरातुल चकिया थाना खुल्दाबाद, अरमान पुत्र शमीम निवासी महात्मा गांधी मार्ग सिविल लाइंस तथा साबिर पुत्र नसीम निवासी मरियाडीह थाना धूमनगंज के विरुद्ध पूर्व में गैंगस्टर एक्ट के तहत भी मामला दर्ज है।
इस प्रकरण की विवेचना की जा रही है। न्यायालय द्वारा 12 जून को गैर-जमानती वारंट तथा 13 नवंबर 2025 को धारा 83 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा आदेश जारी किया गया था। आदेश के अनुपालन में आरोपितों के घरों पर मुनादी कराई गई, लेकिन उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया। उल्लेखनीय है कि 24 फरवरी 2023 को हुए उमेश पाल हत्याकांड ने प्रदेश में व्यापक सनसनी फैला दी थी।
थाना धूमनगंज क्षेत्र में बदमाशों ने अधिवक्ता उमेश पाल और उनके दो सुरक्षाकर्मियों पर बम और गोलियां चलाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में माफिया अतीक अहमद के परिवार और सहयोगियों सहित कई आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस के अनुसार फरार तीनों शूटरों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। वहीं, उमेश पाल की पत्नी जया पाल 24 फरवरी को पति की स्मृति में एक कार्यक्रम आयोजित करने जा रही हैं।
