लखनऊ : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर डबल डेकर बस पलटी, 5 की मौत
लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जौखंडी गांव के पास तेज रफ्तार स्लीपर कोच डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। हादसे में अब तक पांच लोगों के मौत की सूचना है, जबकि 20 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस पंजाब के लुधियाना और पानीपत से यात्रियों को लेकर बिहार के दरभंगा और अररिया की ओर जा रही थी। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे गोसाईगंज थाना क्षेत्र के खेमा खेड़ा और जौखंडी गांव के पास 11.6 के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर तेज गति के कारण बस बेकाबू होकर पलट गई। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और चालक को नींद आना बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही गोसाईगंज पुलिस, आपदा राहत टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोसाईगंज भेजा गया, जहां से गंभीर रूप से घायल यात्रियों को केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। कमिश्नर विजय विश्वास पंत समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं।
