तस्करी के खिलाफ ANTF की बड़ी कार्रवाई : पकड़ा गया लखनऊ का तस्कर,  एक करोड़ की हेरोइन बरामद

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

बाराबंकी, अमृत विचार। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स थाना बाराबंकी की टीम ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इसके कब्जे से एक करोड़ की कीमत की 507 ग्राम हेरोइन बरामद की है। साथ ही एक स्कूटी, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,120 रुपये नकद भी बरामद किए गए हैं।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था, अपर पुलिस महानिदेशक अपराध तथा पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के निर्देशन में की गई।गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान राहुल रावत पुत्र स्व. राजकिशोर निवासी मोहल्ला गऊघाट थाना ठाकुरगंज, कमिश्नरेट लखनऊ के रूप में हुई है। 

आरोपी को 22 फरवरी को रोशनाबाद कॉलोनी मदरसे से आगे वाली गली थाना ठाकुरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कुटिया घाट स्थित चाय की दुकान के पास एक अज्ञात व्यक्ति से सस्ते दामों में हेरोइन खरीदता था और उसकी छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर फुटकर में अधिक दाम पर बेचता था। 

घटना के दिन भी वह माल खरीदकर बेचने की फिराक में था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इस संबंध में थाना ठाकुरगंज कमिश्नरेट लखनऊ में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी के फारवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। टीम में एएनटीएफ थाना के प्रभारी निरीक्षक अयनुद्दीन समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।

शारदा नहर में डूबे दो बालकों में एक का शव बरामद 

देवा: सीतापुर में दो दिन पूर्व नहर में डूबे दो चचेरे भाईयों में एक का शव सोमवार को नहर से बरामद हुआ। दूसरे का पता अब तक नहीं चल सका है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर चले गए।

जानकारी के अनुसार सीतापुर जिला बिसवां थाना क्षेत्र के ग्राम बुढ़नापुर के रहने वाले इशरत खां का बेटा फैज 8 अपने चचेरे भाई फरीद 9 के साथ गत 20 फरवरी को शौच के लिए कोटरा पुल चौराहा गया था। यहां पर दोनो बालक शारदा नहर में डूब गए। इनके नहर में डूबने की खबर लगते ही परिजन बेहाल हो गए और तलाश शुरु कर दी लेकिन कुछ पता नहीं चला।

अभी इनकी तलाश हो ही रही थी कि बाराबंकी में देवा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मित्तई पुलिस चौकी अंतर्गत चकपुरवा गांव के पास नहर में बहता मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर खबर फैला दी। सोमवार को बाराबंकी पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान फैज के रूप में की, पीएम के बाद वह शव लेकर चले गए। नहर में डूबे दूसरे बालक का अभी कुछ पता नहीं चला है। उसकी भी तलाश की जा रही है।

भाजपा के बूथ अध्यक्ष पर जानलेवा हमला 

फतेहपुर: सोमवार सुबह बाइक से खेत जा रहे भाजपा नेता की आंख में मिर्च वाला स्प्रे डालने के बाद हमलावरों ने हत्या की नीयत से हमला कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी नेता को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सरवा निवासी सतनाम वर्मा प्रतिदिन की भांति सोमवार की सुबह 7 बजे मोटरसाइकिल से खेत जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में अचानक गांव के दबंग लोगों ने उनकी आंख में मिर्ची वाला स्प्रे डाल दिया, जिससे वह सड़क पर गिर गए। इसके बाद दबंगों ने उनकी हत्या करने के इरादे से हथौड़ी व धारदार हथियार से सिर पर हमला कर दिया, सिर में गहरी चोटे आने से गम्भीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर दबंग भाग गये। घायल के पुत्र सतेंद्र वर्मा को जब इसकी जानकारी हुई तो तत्काल मौके पर पहुंचकर अपने घायल पिता को सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां पर उनका उपचार किया जा रहा है। पीडित के अनुसार मुकदमा दर्ज करने के लिए कोतवाली में तहरीर दी गयी है।

ये भी पढ़ें : 
बुलंदशहर में बोर्ड परीक्षा में तैनात शिक्षक की मौत: गांधी बाल निकेतन में अंग्रेजी परीक्षा के दौरान आया हार्ट अटैक 

 

संबंधित समाचार