लखनऊ : रोबोटिक तकनीक से सात वर्षीय बच्चे की हुई सफल सर्जरी, सूजन की समस्या से मिली निजात

Amrit Vichar Network
Published By Virendra Pandey
On

लखनऊ, अमृत विचार : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में पहली बार रोबोटिक तकनीक से एक 7 वर्षीय बच्चे की सफल सर्जरी की गई है। बच्चे को हार्निया की समस्या थी। सर्जरी के बाद स्वस्थ होने पर बच्चे को डिस्चार्ज कर दिया गया है। उन्नाव जनपद के हसनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम व पोस्ट धारवा निवासी अक्षांस (7 वर्ष), पुत्र सतीश कुमार, पिछले आठ महीनों से दोनों अंडकोश में सूजन की समस्या से पीड़ित था। 

जिसके बाद परिजन बच्चे को पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. जेडी रावत की ओपीडी में लेकर आए, जहां जांच के दौरान दोनों तरफ हार्निया की पुष्टि हुई। बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे 13 फरवरी को सर्जरी के लिए भर्ती किया गया। जिसके बाद पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग में रोबोटिक तकनीक से पहली बार बीते 16 फरवरी को ऑपरेशन किया गया था।

इस आधुनिक तकनीक के माध्यम से बच्चे के दोनों अंडकोश में मौजूद हार्निया का सफलतापूर्वक एक साथ ऑपरेशन किया गया। रोबोटिक सर्जरी के कारण बच्चे को कम दर्द हुआ और उसकी रिकवरी भी तेज रही। विभागाध्यक्ष डॉ. जेडी रावत ने बताया कि ऑपरेशन के अगले ही दिन बच्चा उठकर चलने-फिरने लगा और चिकित्सकों की निगरानी में सुधार होने के बाद 23 फरवरी 2026 को उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। इस सर्जरी को सफल बनाने में प्रो. जे. डी. रावत, प्रो. सुधीर सिंह, डॉ. गुरमीत सिंह, डॉ. प्रीति और डॉ. कृतिका की सर्जिकल टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। एनेस्थीसिया की जिम्मेदारी डॉ. विनीता सिंह और डॉ. नीलकमल की टीम ने संभाली।

वहीं नर्सिंग ऑफिसर संजय, रीता, रिकेश और दीप्ति ने भी ऑपरेशन के दौरान सहयोग किया। पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग के चिकित्सकों ने बताया कि इस सफलता के बाद अब अन्य जटिल बीमारियों से पीड़ित बच्चों का इलाज भी रोबोटिक सर्जरी के माध्यम से किया जा सकेगा, जिससे मरीजों को कम दर्द, कम समय में रिकवरी और बेहतर उपचार का लाभ मिलेगा। 

ये भी पढ़ें : SIR अभियान दिवस पर डीएम ने किया बूथों का निरीक्षण, दिए निर्देश, पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ा जाए

संबंधित समाचार