UP Board Exams 2026: आज से शुरू हुई यूपी बोर्ड की परीक्षा, छात्राओं का उत्साह बढ़ाने पहुंची माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

यूपी माध्यमिक शिक्षा परिषद की  10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाओ का आज शुभारम्भ हो चूका है। सुबह से ही छात्र छात्राओं का परीक्षा सेंटर  पर  पहुंचना शुरू हो गया था। पहली पाली में आज हाई स्कूल की परीक्षा हो रही है।

Untitled design (2)

सुबह से केंद्रों पर बच्चो का एग्जाम दिलाने के लिए उनके परिजन पहुंचने लगे। वही आज पहला एग्जाम हिंदी का है।

Untitled design (6)

वही इस मौके पर यूपी की शिक्षा मंत्री गुलाब देवी को भी बच्चों का उत्साह बढ़ाते देखा गया। परीक्षा के पहले दिन प्रदेश की माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी ने लखनऊ स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, विक्रमादित्य मार्ग (जियामऊ) परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा, निगरानी एवं परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। 

Untitled design (3)

सेंटर पर बच्चों से मिली और उन्हें एग्जाम के लिए उत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री गुलाब देवी ने छात्राओं को टीका-चंदन कर पेड़ा खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया और उन्हें शांत मन, आत्मविश्वास और पूरी ऊर्जा के साथ परीक्षा देने का आशीर्वाद दिया। उन्होंने परीक्षार्थियों से कहा कि वे अपनी मेहनत से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त कर अपने माता-पिता, गुरुजनों और प्रदेश का गौरव बढ़ाएं।

Untitled design (4)

एशिया के सबसे बड़े शिक्षा बोर्ड के रूप में शामिल उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की तरफ से संचालित हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड की परीक्षाएं बुधवार से शुरू हो गई। इनमें से 222 केंद्र अति संवेदनशील और 683 केंद्र संवेदनशील घोषित किए गए हैं। मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि नकलविहीन, पारदर्शी और शुचितापूर्ण परीक्षा कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा परीक्षार्थी तनावमुक्त होकर आत्मविश्वास के साथ परीक्षा दें।

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, जियामऊ (सेंटर कोड-341874) में प्रथम पाली में हाईस्कूल हिन्दी विषय के 304 परीक्षार्थी तथा द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिन्दी विषय के 352 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। 

गौरतलब है कि माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक प्रदेशभर में आयोजित की जा रही हैं। प्रथम दिवस हाईस्कूल हिन्दी एवं प्रारम्भिक हिन्दी की परीक्षा 8,033 केंद्रों पर आयोजित हुई, जिसमें 27,54,376 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। 

वहीं द्वितीय पाली में इंटरमीडिएट हिन्दी एवं सामान्य हिन्दी की परीक्षा 7,998 केंद्रों पर आयोजित हो रही है, जिसमें 24,99,370 परीक्षार्थी शामिल हैं। 

वर्ष 2026 की बोर्ड परीक्षाओं में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें 27,61,696 हाईस्कूल तथा 25,76,082 इंटरमीडिएट के छात्र-छात्राएं शामिल हैं। प्रदेश में कुल 8,033 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय, 3,453 सहायता प्राप्त और 3,984 स्ववित्तपोषित विद्यालय शामिल हैं।

परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सहायता के लिए राज्य स्तरीय टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। 18001806607 और 18001806608 नंबरों पर कभी भी कॉल किया जा सकता है। पिछली बार की तरह आकस्मिक स्थिति के लिए सभी विषयों के अतिरिक्त रिजर्व प्रश्नपत्र सुरक्षित रखे गए हैं। इसके अलावा उत्तर पुस्तिकाओं में अलग-अलग रंग, बोर्ड का लोगो समेत अन्य सुरक्षात्मक फीचर जोड़े गए हैं।

121 परीक्षा केंद्रों पर 103088 परीक्षार्थी देंगे यूपी बोर्ड की परीक्षा

Untitled design (5)

जिले में कुल 120 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जबकि जिला कारागार समेत कुल 121 परीक्षा केंद्र निर्धारित हैं। इनमें 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित 121 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं, जो केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे। नकलमुक्त और पारदर्शी व्यवस्था के लिए मंडल स्तर पर चार सचल दल सक्रिय रहेंगे। लखनऊ में कुल 121 परीक्षा केंद्रों पर 103088 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हो रहे हैं। इनमें हाईस्कूल के 51097 परीक्षार्थी हैं, जिनमें 25675 छात्र और 26232 छात्राएं शामिल हैं। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में 51181 परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं, जिनमें 25340 छात्र और 25841 छात्राएं हैं।

परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं रहेंगी

केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए साफ शौचालय और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही सभी परीक्षा कक्षों में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

सीसीटीवी से होगी 24 घंटे निगरानी

परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम व मॉनिटरिंग सेल राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज में बनाया गया है, जिसके माध्यम से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। परीक्षा केंद्रों के सतत अनुश्रवण के लिए जनपद में 11 सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित 121 स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। साथ ही जिला स्तर पर छह सचल दल गठित किए गए हैं, जो परीक्षा अवधि में केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।

अतिरिक्त बाह्य केंद्र व्यवस्थापक भी रहेंगे मौजूद

प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र व्यवस्थापक के साथ एक-एक अतिरिक्त बाह्य केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सशस्त्र पुलिस बल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई तथा छात्र-छात्राओं की आवश्यकता के लिए फर्स्ट एड की व्यवस्था की गई है।

 

ये भी पढ़ें : 
आज का इतिहास: जानिए 18 फ़रवरी की महत्त्वपूर्ण घटनाएँ 

 

संबंधित समाचार