यूपी बोर्ड की तर्ज पर होगी परिषदीय विद्यालयों की परीक्षा, 5.35 लाख बच्चे देंगे एग्जाम, BSA को मिली जिम्मेदारी

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा परिषद ने परिषदीय विद्यालयों की वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। कक्षा एक से आठवीं तक की परीक्षाएं 16 से 20 मार्च तक पांच दिनों में दो पालियों में होंगी। इस बार यह परीक्षा यूपी बोर्ड की तर्ज पर होगी। प्रश्न पत्र गोपनीय ढंग से जिला प्रशिक्षण संस्थान द्वारा तैयार कराए जाएंगे। परीक्षा की निगरानी के लिए खंड शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में सचल दल बनेंगे। जिले में कुल 1792 परिषदीय विद्यालयों में 5.35 लाख परीक्षार्थी बेसिक की परीक्षा देंगे।

बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार पहली पाली सुबह 9:30 से 11:30 बजे और दूसरी पाली दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक चलेगी। वार्षिक परीक्षा के लिए मॉडल प्रश्नपत्र (लिखित और मौखिक) जिला स्तर पर जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) तैयार करेगा। बीएसए प्रश्नपत्र का प्रकाशन कराकर विद्यालयों तक पहुंचाएंगे।

मूल्यांकन व्यवस्था को कक्षा अनुसार अलग-अलग रखा जाएगा। कक्षा एक की वार्षिक परीक्षा केवल मौखिक होगी। कक्षा दो से पांचवीं तक लिखित और मौखिक दोनों परीक्षाएं होंगी। इनमें कक्षा दो और तीन में लिखित व मौखिक का भारांक 50-50 प्रतिशत रहेगा। 

कक्षा चार और पांच में लिखित 70 प्रतिशत और मौखिक 30 प्रतिशत रहेगा। कक्षा छह से आठ तक की वार्षिक परीक्षा पूरी तरह लिखित होगी। यह परीक्षा 50 अंकों की होगी और इसमें बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न शामिल किए जाएंगे। लिखित परीक्षा की अवधि दो घंटे तय की गई है।

वहीं मौखिक परीक्षा की तिथि विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक तय करेंगे। सचल दल में बेसिक के बजाए माध्यमिक शिक्षा विभाग से होंगे तब तक बोर्ड की आधी परीक्षा निपट जाएगी। परिषदीय विद्यालयों की परीक्षा का कार्यक्रम आ गया है। अभी होली बाद तैयारी शुरू की जाएगी। व्यवस्था में काफी परिवर्तन किया गया है।-लालचंद,बीएसए।

ये भी पढ़ें : 
मायावती का अखिलेश यादव पर पलटवार, सपा के कांशीराम जयंती को PDA दिवस के रूप में मनाने को बताया ढोंग

संबंधित समाचार