यूपी प्रो हैंडबॉल लीग : काशी किंग्स की लगातार दूसरी जीत, गोरखपुर और नोएडा ने भी किया शानदार प्रदर्शन
लखनऊ, अमृत विचार: यूपी प्रो हैंडबॉल लीग के दूसरे दिन मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के अटल बिहारी वाजपेई बहुउद्देश्यीय हॉल में खेले गए मैचों में काशी किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि गोरखपुर राउडीज और नोएडा ब्लास्टर्स ने भी जीत का खाता खोल लिया।
काशी किंग्स की दमदार वापसी
दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला काशी किंग्स और बर्बरीक वॉरियर्स के बीच खेला गया। पहले हाफ में बर्बरीक वॉरियर्स ने 8-6 की बढ़त बनाकर दबाव बनाया, लेकिन दूसरे हाफ में काशी किंग्स ने रणनीति बदलते हुए जोरदार वापसी की। अंत में टीम ने 19-18 से मुकाबला अपने नाम कर लिया। काशी की जीत के हीरो अविनाश रहे, जिन्होंने 8 गोल दागे। मनिकंदन और विमलेश ने 4-4 गोल कर अहम योगदान दिया। बर्बरीक वॉरियर्स की ओर से हसीन खान के 9 गोल भी टीम को हार से नहीं बचा सके।
गोरखपुर राउडीज की शानदार जीत
दूसरे मुकाबले में गोरखपुर राउडीज ने गाजियाबाद पैंथर्स को 30-24 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत दर्ज की। गोरखपुर के सुनील ने शानदार खेल दिखाते हुए 11 गोल किए, जबकि मनीष त्रिपाठी ने 8 गोल कर उनका साथ दिया।
नोएडा ब्लास्टर्स का संतुलित प्रदर्शन
तीसरे मैच में नोएडा ब्लास्टर्स ने मथुरा ब्रज स्टार को 29-26 से हराया। नोएडा की ओर से तौसीफ और मिंटू ने 7-7 गोल कर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। मैच के दौरान लीग के सीईओ डॉ. आनन्देश्वर पाण्डेय और प्रबंध निदेशक अमित पाण्डेय भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें :
इकाना में भिड़ंत से पहले गुजरात ने परखी अपनी तैयारियां, लखनऊ सुपरजायंट्स भी पहुंची, आज करेगी अभ्यास
