Hockey Championship : यूपी हॉकी टीम फाइनल में पहुंची, पंजाब को दी 6-2 से करारी शिकस्त
लखनऊ, अमृत विचार: धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए उत्तर प्रदेश हॉकी टीम ने 16वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर पुरुष राष्ट्रीय चैंपियनशिप के फाइनल में जगह बना ली है। बिहार के राजगीर में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पंजाब को एकतरफा अंदाज में 6-2 से करारी शिकस्त दी। मैच की शुरुआत से ही उत्तर प्रदेश टीम ने आक्रामक खेल दिखाते हुए अपना दबदबा बनाए रखा।
11वें मिनट में शाहरुख अली ने शानदार फील्ड गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद नीतीश यादव ने 26वें और 29वें मिनट में लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को मजबूत बढ़त दिलाई। दूसरे हाफ में भी उत्तर प्रदेश का आक्रमण जारी रहा। शिवम यादव, केतन कुशवाहा और राहुल यादव ने बेहतरीन गोल दागकर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
पंजाब की टीम पूरे मैच में दबाव में नजर आई और उत्तर प्रदेश की मजबूत रणनीति का जवाब नहीं दे सकी। शानदार प्रदर्शन के लिए शाहरुख अली को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, उत्तर प्रदेश की महिला टीम भी शनिवार को कांस्य पदक के मुकाबले में अपनी चुनौती पेश करेगी।
ये भी पढ़ें :
यूपी प्रो हैंडबॉल लीग : काशी किंग्स की लगातार दूसरी जीत, गोरखपुर और नोएडा ने भी किया शानदार प्रदर्शन
