मथुरा के लिये ईदगाह स्पेशल ट्रेन : श्रीगंगानगर से शुरू होगा संचालन, जान लीजिये किराया और टाइम
श्रीगंगानगर। रेलवे ने श्रीगंगानगर और मथुरा के बीच सम्पर्क को और मजबूत बनाने के लिए बुधवार को यहां से मथुरा के लिये एक स्पेशल ट्रेन शुरू की। यह स्पेशल ट्रेन के नाम से चर्चा में है, लेकिन सूत्रों के मुताबिक यह पूरी तरह परीक्षण के तौर पर चलायी गयी है। इसीलिये रेलवे ने सिर्फ 60 सीटों का कोटा रखा है, ताकि यात्री भार का सही आकलन किया जा सके। मांग अच्छी रही तो ट्रेन जारी रहेगी, अन्यथा इसे तुरंत बंद कर दिया जाएगा।
वर्तमान में श्रीगंगानगर से मथुरा के लिए सप्ताह में तीन नियमित ट्रेनें पहले से चल रही हैं। गाड़ी संख्या 12486 मंगलवार और शनिवार को दोपहर ढाई बजे अबोहर-मलोट-भटिंडा-दिल्ली मार्ग से रवाना होकर रात 12 बजे मथुरा पहुंचती है। इसी तरह गाड़ी संख्या 12440 शुक्रवार को दोपहर एक बजकर 25 मिनट पर हनुमानगढ़-भटिंडा-दिल्ली रूट से रवाना होती है।
वापसी की सेवाएं सोमवार मंगलवार और शुक्रवार को नियमित हैं। नांदेड़ एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में यात्रा समय करीब 11 घंटे का है। इन मौजूदा सेवाओं के बावजूद रेलवे दिल्ली के व्यस्त कॉरिडोर से बचते हुए नए वैकल्पिक मार्ग पर परीक्षण कर रही है। इसे मार्च में परीक्षण के तौर पर चलाया जाएगा।
श्रीगंगानगर और मथुरा के बीच यह रेलगाड़ी आने जाने के चार- चार फेरे लगाएगी। इसे आगरा तक चलाया जाएगा और इसे श्रीगंगानगर- ईदगाह स्पेशल ट्रेन नाम दिया गया है। सूत्रों ने बताया कि नयी ट्रेन बुधवार को श्रीगंगानगर से रवाना होकर गुरुवार को मथुरा से वापस आएगी। इसका मार्ग अबोहर-भटिंडा-सिरसा-हांसी-अलवर होते हुए मथुरा है।
श्रीगंगानगर से मथुरा पहुंचने में करीब 13 घंटे लगेंगे, जबकि वापसी में 17 घंटे का समय लगेगा, जिसमें करीब तीन घंटे का ठहराव भी संभव है। इसमें स्लीपर क्लास का किराया 475 रुपये, थर्ड एसी का किराया 1270 रुपये और सेकंड एसी का किराया 1795 रुपये है। इस ट्रेन में श्रीगंगानगर को सिर्फ 60 सीटें उपलब्ध करायी गयी हैं। अगर तीन-चार फेरों में सीटें भरती रहीं तो रेलवे इसे स्थायी बना सकता है। यात्री भार कम रहा तो ट्रेन बंद हो जाएगी। इस रूट पर हांसी, सिरसा और अलवर क्षेत्र के यात्रियों को सीधा लाभ मिल सकता है। मथुरा-वृंदावन जाने वाले श्रद्धालु और व्यापारी भी इस नए विकल्प का इस्तेमाल कर सकेंगे।
ये भी पढ़ें :
होली पर रेलवे की खास तैयारी : 80 होली स्पेशल ट्रेन करेगा संचालित, जान लीजिये क्या है रूट और टाइम
