वैश्विक मंच पर यूपी टूरिज्म का जलवा: ITB Berlin-2026 में सांस्कृतिक विरासत, प्रमुख स्थलों और आधुनिक पर्यटन का भव्य प्रदर्शन 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश पर्यटन आगामी तीन से पांच मार्च तक जर्मनी की राजधानी बर्लिन में आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध पर्यटन आयोजन 'आईटीबी बर्लिन-2026' में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराएगा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, प्रमुख पर्यटन स्थलों और आधुनिक पर्यटन संभावनाओं का भव्य प्रदर्शन किया जाएगा। 

गुरुवार को पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि वर्ष 1966 से आयोजित हो रहा आईटीबी बर्लिन इस वर्ष अपने 60 वर्ष पूरे कर रहा है। इस बार आयोजन की थीम 'डिस्कवर द स्टोरीज बिहाइंड 60 इयर्स ऑफ लेगेसी' रखी गई है, जो वैश्विक पर्यटन के विकास, नवाचार और साझेदारी को प्रदर्शित करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश पर्यटन इस मंच के माध्यम से दुनिया के सामने प्रदेश की पर्यटन क्षमता और विजन को प्रस्तुत करेगा। 

आईटीबी बर्लिन में उत्तर प्रदेश पर्यटन का विशेष पवेलियन स्थापित किया जाएगा, जहां प्रदेश के पर्यटन सर्किट, वेलनेस टूरिज्म, एडवेंचर टूरिज्म, मेडिकल टूरिज्म और लग्जरी टूरिज्म से जुड़ी संभावनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही 'एक जनपद, एक उत्पाद' (ओडीओपी), प्रदेश की हस्तशिल्प परंपरा, कलाकृतियों, पर्यटन वेबसाइट और मोबाइल एप्लीकेशन को भी प्रदर्शनी में शामिल किया जाएगा। 

इस आयोजन में पर्यटन क्षेत्र के नए रुझानों जैसे एडवेंचर टूरिज्म, बिजनेस ट्रैवल, एलजीबीटीक्यू ट्रैवल और ट्रैवल टेक्नोलॉजी पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इस पहल से उत्तर प्रदेश को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यटन और निवेश को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। 

ये भी पढ़ें : 
योगी सरकार का बड़ा फैसला : यूपी के हर जिले में विकसित होंगे मॉडल तालाब, ग्रे वाटर और प्लास्टिक अपशिष्ट मुक्त होंगे गाँव 





संबंधित समाचार