34 अरब डॉलर के पार हुआ टेलीकम्युनिकेशन कंपनियों का तीसरी तिमाही का राजस्व, TRAI की रिपोर्ट में हुआ खुलासा
नई दिल्लीः चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में घरेलू दूरसंचार कंपनियों का राजस्व साल-दर-साल आठ प्रतिशत बढ़कर 34 अरब डॉलर (लगभग तीन लाख करोड़ रुपये) के पार पहुंच गया। पूंजी बाजार एवं निवेश समूह सीएलएसए की एक रिपोर्ट में भारतीय दूरसंचार प्राधिकरण (ट्राई) के आंकड़ों के हवाले से कहा गया है कि तिमाही के दौरान भारती एयरटेल का राजस्व सालाना आधार पर नौ प्रतिशत और वोडाफोन आइडिया का दो प्रतिशत बढ़ा। रिलायंस जियो के राजस्व में 11 प्रतिशत की सबसे मजबूत वृद्धि दर्ज की गयी। देश के दूरसंचार क्षेत्र के कुल राजस्व में इन तीनों कंपनियों की संयुक्त हिस्सेदारी 95 प्रतिशत रही।
एक साल पहले के मुकाबले रिलायंस जियो की राजस्व हिस्सेदारी सबसे अधिक 123 आधार अंक (1.23 प्रतिशत) बढ़कर 42.5 प्रतिशत हो गयी। एयरटेल की राजस्व हिस्सेदारी (39 आधार अंक) बढ़कर 39.5 प्रतिशत पर पहुंच गयी जबकि वोडाफोन आइडिया की हिस्सेदारी 83 आधार अंक घटकर 13.फीसदी रह गयी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि दूरसंचार क्षेत्र में रिलायंस जियो और एयरटेल का वर्चस्व आने वाले समय में और बढ़ेगा। क्षेत्र का राजस्व साल 2028 तक 3.7 लाख करोड़ रुपये (42 अरब डॉलर) पर पहुंचने की संभावना है। मौजूदा समय में जियो और एयरटेल की साझा राजस्व हिस्सेदारी करीब 82 प्रतिशत है जिसके साल 2028 तक 85 प्रतिशत पर पहुंचने की उम्मीद है।
