Bareilly : 35 साल पुरानी दुकानें तोड़ने के नोटिस से व्यापारियों में गुस्सा

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने नगर आयुक्त को दिया ज्ञापन

बरेली, अमृत विचार। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल ने शुक्रवार को नगर आयुक्त से मुलाकात कर कोहाड़ापीर पेट्रोल पंप से सूद धर्मकांटा तक 35 वर्ष पुरानी दुकानों को तोड़ने के लिए दिए गए नोटिसों पर विरोध जताया। इस दौरान मांगों को लेकर ज्ञापन भी दिया।

व्यापारियों ने आरोप लगाया कि नोटिस में किसी भी प्रकार का ठोस साक्ष्य नहीं दिया गया कि इन दुकानों ने निगम की जमीन पर अतिक्रमण किया है। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र रस्तोगी ने कहा कि यदि कुछ अतिक्रमण हुआ होता, तो पिछले 35 वर्षों में निगम की ओर से किसी को नोटिस क्यों नहीं मिला, अब अचानक सड़क निर्माण के बहाने दुकानों को अवैध क्यों घोषित किया जा रहा है, व्यापारियों ने बताया कि सड़क की नापजोख के दौरान जब निगम के अधिकारियों से अतिक्रमण के बारे में पूछा गया, तब कोई ठोस प्रमाण नहीं प्रस्तुत किया गया। संरक्षक शिव कुमार अग्रवाल ने कहा कि कि हमने अधिकारियों से अनुरोध किया कि पहले दुकानों की नपाई और साक्ष्यों के आधार पर स्थिति स्पष्ट की जाए। फिर ही कोई कार्रवाई की जानी चाहिए। व्यापारियों ने नगर आयुक्त से आग्रह किया कि उक्त रोड पर सभी दुकानों की नापजोख और जमीन से संबंधित सटीक जानकारी हासिल कर, केवल नियम और साक्ष्यों के आधार पर ही कोई कार्रवाई की जाए। जब तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक जारी नोटिस को निरस्त किया जाना चाहिए। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि नगर निगम उनके सहयोग से निष्पक्ष निर्णय लेकर दुकानों और सड़क निर्माण दोनों के हितों का संतुलन बनाएगा। सुधीर गोयल, अभय अग्रवाल, अंकुर किशोर, अरुण कुमार, राज गोपाल, पवन निहलानी,संजय आंनद, अनिल, संजय गर्ग आदि मौजूद रहे।

संबंधित समाचार