दो अवैध अस्पतालों पर लगेगा ताला, आठ को दोबारा नोटिस... बिना लाइसेंस संचालन पर पुलिस को पत्र, स्वास्थ्य विभाग ने शुरू की जुर्माने की प्रक्रिया 

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : दुबग्गा क्षेत्र में बिना लाइसेंस संचालित दो निजी अस्पतालों पर अब ताला लगेगा। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) कार्यालय की ओर से स्थानीय पुलिस को पत्र लिखा गया है। मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले इन अस्पतालों पर स्वास्थ्य विभाग ने जुर्माना ठोंकने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।

17 फरवरी को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दुबग्गा क्षेत्र के 10 निजी अस्पतालों में छापेमारी की थी। जांच में मां वैष्णों और इम्पल्स हॉस्पिटल बिना वैध लाइसेंस के संचालित पाए गए। इसके अलावा अन्य आठ अस्पतालों में भी मानकों की खुलेआम अनदेखी मिली। कई स्थानों पर एमबीबीएस डॉक्टर उपलब्ध नहीं थे और आवश्यक संसाधनों व व्यवस्थाओं का अभाव पाया गया।

डिप्टी सीएमओ डॉ. एपी सिंह ने बताया कि दोनों अवैध अस्पतालों को बंद कराने के लिए पुलिस प्रशासन को पत्र भेजा गया है। बिना लाइसेंस अस्पतालों का संचालन पूरी तरह अवैध है और यह सीधे तौर पर मरीजों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों अस्पतालों पर आर्थिक दंड की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने शेष आठ अस्पतालों को पहले ही नोटिस जारी कर मानकों के अनुरूप संसाधन उपलब्ध कराने और स्पष्टीकरण देने को कहा था, लेकिन अब तक जवाब नहीं मिला। ऐसे में शुक्रवार को दोबारा नोटिस जारी कर कड़ी चेतावनी दी गई है। डॉ. एपी सिंह ने कहा कि जवाब न देने वाले अस्पतालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। मरीजों की जान से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों का संचालन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

संबंधित समाचार